राष्ट्रीय
02-Sep-2025
...


-कांग्रेसी नेता ही उन्हें पप्पू कहते हैं नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगा दिए हैं। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी देशविरोधी ताकतों के साथ मिले हुए हैं। न्यायपालिका पर अटैक करने के लिए, चुनाव आयोग पर सवाल उठाना और जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को चोर बताना, यह सब कुछ वे जानबूझकर कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि राहुल गांधी नासमझ हैं। राहुल गांधी छोटे बच्चे नहीं हैं। वे सोची-समझी साजिश का बहुत बड़ा हिस्सा हैं। संसद के मानसून सत्र में गतिरोध और बिहार एसआईआर पर विपक्ष के हंगामे से जुड़े सवालों पर केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा, यह न सोचें कि राहुल गांधी बेवकूफ हैं और बेवकूफी का काम करते हैं, यह बिल्कुल नहीं है। बल्कि वे सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं। लोग राहुल गांधी को पप्पू कहते हैं, कांग्रेस के लोगों ने ही राहुल गांधी को पप्पू कहा, भाजपा के लोगों ने नहीं कहा है। मैं नहीं मानता हूं कि राहुल गांधी बेवकूफ हैं। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा, भारत में रह रहे देशविरोधी ताकतों के ग्रुप ने राहुल गांधी को प्रभावित किया है। वामपंथी विचारधारा के लोगों ने राहुल गांधी को प्रभावित कर रखा है। रिजिजू ने कहा, चिंता न करें, पीएम मोदी के नेतृत्व में कोई देश को हिला नहीं सकता है। देश की जनता प्रधानमंत्री के पीछे खड़ी है। कुछ नहीं हो सकता है। सरकार ताकतवर है और सक्षम है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत एक के बाद एक बड़ा काम कर रहा है। विपक्ष के नेताओं की बयानबाजी पर रिजिजू ने कहा, विपक्ष के लोग प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवगंत मां पर अमर्यादित टिप्पणी करते हैं। इन लोगों का कुछ नहीं होने वाला है। कांग्रेस को सत्ता में आने के लिए सोचना होगा, क्योंकि जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। जनता ने देख लिया है कि उल्टा-सीधा बोलने वाला व्यक्ति देश का नेतृत्व नहीं कर सकता है। भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनमी कहने पर राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, राहुल गांधी ही नहीं, कुछ और भी लोग हैं, जो यूट्यूब पर चैनल बनाकर भारत के ऊपर बोलते रहे हैं। आशीष दुबे / 2 सिंतबर 2025