फिरोजाबाद(ईएमएस) थाना रसूलपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित शातिर अभियुक्त सुमित दिवाकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक शहर ने बताया कि 03 सितंबर 2025 को थाना रसूलपुर क्षेत्र के निवासी सुनील ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि उसके छोटे भाई गुड्डू पर सुमित दिवाकर ने फायरिंग की है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फतेहाबाद रोड नगला बरी चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इसमें बदमाश सुमित दिवाकर घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान सुमित दिवाकर पुत्र अनिल दिवाकर निवासी प्रेमनगर डाक बंगला थाना रसूलपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस अधीक्षक शहर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सुमित दिवाकर के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। ईएमएस