- जमीन के बंटवारे को लेकर किया जान लेने का प्रयास भोपाल(ईएमएस)। नजीराबाद थाना इलाके के ग्राम हरिपुरा में सौतेली सास द्वारा अपने बेटे व बहू के साथ मिलकर बड़ी बहू को जहरीला कीटनाशक पिलाकर जान से मारने का प्रयास किये जाने का मामला सामने आया है। महिला को नाजूक हालत में इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब सात दिन तक चले इलाज के बाद विवाहिता को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अस्प्ताल से छुट्टी होने के बाद महिला रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सौतेली सास और देवर-देवरानी के खिलाफ मामला कायम कर आगे की जॉच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक ग्राम हरिपुरा नजीराबाद में रहने वाली सुशीला बाई बंजारा (35) ने अपनी शिकायत में बताया की वह घरेलू महिला हैं, उसकी 13 साल की बेटी है। उसका पति जयराम बंजारा परिवार के साथ खेती-किसानी करता है। सुशीला बाई अपनी सौतेली सास गोरा बाई बंजारा और सौतले देवर उधम सिंह व देवरानी मीना बाई के साथ रहती हैं। उसका पति काम के सिलसिले में आये दिन गांव से बाहर रहता है। इन दिनो जमीन के बंटवारे को लेकर सुशीला बाई और उसके पति का गोरा बाई, उधम सिंह व मीना बाई से विवाद चल रहा है। आरोप है की जमीनी विवाद के कारण उसके पति के घर से बाहर जाने पर तीनों सुशीला बाई के साथ मारपीट करते थे। बीती 27 अगस्त की अलसुबह करीब छह बजे भी आरोपियो ने पानी भरने की बात को लेकर उसके साथ विवाद करना शुरु कर दिया। इसके बाद मीना बाई, गोरा बाई व उधम सिंह ने सुशीला के साथ मारपीट करते हुए जर्बदस्ती उसे कीटनाशक पिला दिया। मौके पर मौजूद सुशीला बाई की बेटी ने मीना बाई, गोरा बाई और उधम सिंह का विरोध करते हुए मां को बचाने की कोशिश की। बेटी ने शोर मचाया जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से सुशीला बाई को इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं घटना के बाद से मीना बाई, गोरा बाई और उधम सिंह फरार हैं। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। जुनेद / 3 सितंबर