नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। युवक अपने घर के बाहर गली में बैठे थे। तभी कुछ युवकों ने आकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। दिल्ली में दो लड़कों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ये मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां शुक्रवार रात प्रताप नगर के सी-ब्लॉक में हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक युवकों की पहचान 35 साल के सुधीर उर्फ बंटी और 30 साल के राधे प्रजापति के रूप में हुई है। दोनों को गोली लगने के बाद परिवार वाले अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करके सबूत इकट्ठा किए। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/ सितंबर /2025