कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिला विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम बनबांधा से गणेश विसर्जन देखने पाली जा रहे युवकों की बाइक विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इसमें तीन युवक घायल हो गए। एक युवक ने घटनास्थल पर ही पर दम तोड़ दिया। जबकि दो युवकों चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे घटित हुई। विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम बनबांधा का रहने वाला, अन्नु गोंड उम्र 22 वर्ष अपने दो अन्य साथी अरूण खैरवार और पुष्पराज खैरवार बाइक से गणेश प्रतिमा का विसर्जन देखने पाली जा रहे थे। वे पाली न्यायालय चौक के पास पहुंचे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। आमने-सामने हुई टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे। घटना में अन्नू गोंड़, अरूण और पुष्पराज नामक युवको के सिर में गंभीर चोटें आई। घटनास्थल पर खून पसर गया। घायलों को पास के चिकित्सालय पहुंचाया गया। परीक्षण कर डॉक्टर ने अन्नू को मृत घोषित कर दिया। जबकि अरूण और पुष्पराज का इलाज जारी है। दूसरी बाइक पर सवार युवकों को भी आंशिक चोटें आई है। हालांकि टक्कर के बाद दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पाली पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। 07 सितंबर / मित्तल