राष्ट्रीय
11-Sep-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। पंजाब नेशनल बैंक के 13,000 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में वांछित भगौड़े हीरा कारोबारी मेहुल चौकसी के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्यवाही बेल्जियम की एक अदालत में शुरू होने की संभावना है। अदालती सुनवाई बेल्जियम के संघीय अभियोजकों द्वारा सीबीआई और भारतीय विदेश मंत्रालय के सहयोग से की जाएगी। भारतीय अधिकारियों ने बताया कि चौकसी 2023 से बेल्जियम में रह रहा है। वह इलाज के लिए एंटीगुआ और बारबुडा से इस यूरोपीय देश में स्थानांतरित हुआ था। उसकी पत्नी बेल्जियम की नागरिक है। उन्होंने बताया कि सीबीआई को जनवरी 2024 में बेल्जियम में उसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी, इसके बाद उस यूरोपीय देश को प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया था जिसके साथ भारत ने 2020 में एक संधि पर हस्ताक्षर किए थे। इस व्यवस्था के तहत यह पहला मामला है। भारत के अनुरोध के आधार पर चौकसी को इस साल अप्रैल में गिरफ्तार किया था। उसके बाद के जमानत अनुरोधों को उस देश की विभिन्न अदालतों ने अस्वीकार कर दिया है। सीबीआई ने मामले में मदद के लिए प्रत्यर्पण कानून में विशेषज्ञता रखने वाली एक यूरोपीय कानूनी फर्म को काम दिया है। सीबीआई अधिकारियों की एक टीम भी आवश्यक जानकारी, दस्तावेज या दृष्टिकोण प्रदान करने के लिए मौजूद रहेगी। एजेंसी ने बेल्जियम के अधिकारियों को उसके खिलाफ ढेरों दस्तावेज सौंपे हैं, जिनसे पता चलता है कि भारत में उसके खिलाफ जो आरोप लगाए गए हैं, वे उस यूरोपीय देश में भी दंडनीय हैं। यह दोहरी आपराधिकता का मामला है, जो संधि के तहत प्रत्यर्पण के लिए उपयुक्त मामला बनाता है। आशीष दुबे / 11 सिंतबर 2025