राज्य
15-Sep-2025
...


इंदौर (ईएमएस)। पी.एम.बी. गुजराती कॉमर्स कॉलेज के विधि विभाग के विद्यार्थ‍ियों ने 13 सितंबर 2025 को लोक अदालत दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय, इंदौर का शैक्षिक भ्रमण किया। यह भ्रमण छात्रों को वैकल्पिक विवाद निवारण तंत्र और लोक अदालतों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। प्राचार्य डॉ. दिनेश माहेश्वरी के मार्गदर्शन और विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा खेत्रपाल के नेतृत्व में छात्रों के एक दल ने जिला न्यायालय में चल रही लोक अदालत और पारिवारिक न्यायालय की कार्यवाही को करीब से देखा। इस दौरान, उन्हें सुलह और मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के निपटान की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला। छात्रों ने न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं से संवाद कर लोक अदालतों के कार्य करने के तरीकों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह समझा कि लोक अदालतें जनता को कितनी आसानी से, कम खर्च में और शीघ्रता से न्याय उपलब्ध कराती हैं। साथ ही, उन्हें नियमित न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ कम करने और आपसी सहमति से विवादों को सुलझाने में लोक अदालतों की भूमिका का भी गहराई से ज्ञान प्राप्त हुआ। कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि यह भ्रमण छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक अनुभव साबित हुआ है। यह अनुभव न केवल उनके सैद्धांतिक ज्ञान को मजबूत करेगा बल्कि भविष्य में विधि पेशे में करियर बनाने में भी उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। प्रकाश/15 सितम्बर 2025