ज़रा हटके
16-Sep-2025
...


लीमा (ईएमएस)। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में पुरातत्वविदों ने प्राचीन शहर की खोज की है। पेरू की रेगिस्तानी पहाड़ियों पर 3,800 साल पुराने शहर की खोज पुरानी मान्यताओं को तोड़ रही है। पेरू की सुपे घाटी में ये खोज हुई है। यहां की मिट्टी की दीवारें और रेगिस्तान से उठती गर्मी में इसकी कल्पना करना कठिन है कि यह कभी महान सभ्यताओं में से एक थी। हजारों साल रेगिस्तान के नीचे दबे रहे इस शहर की नई खोज अमेरिका के इतिहास को फिर से लिख रही है। इस साल जुलाई में पेरू की पुरातत्वविद् डॉक्टर रूथ शैडी ने प्राचीन कैरल सभ्यता के 3,800 साल पुराने शहर पेनिको को दुनिया के सामने पेश किया। इस स्थल में 18 संरचनाएं हैं, जिसमें मंदिर और आवासीय परिसर शामिल हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह इस बात के नए प्रमाण प्रदान करता है कि कैरल लोगों ने जलवायु आपदाओं के साथ तालमेल बैठाया। पेनिको कैरल सभ्यता के संघर्ष-रहित जीवन के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है। यह दुनिया के सबसे प्राचीन और शांतिपूर्ण समाजों में से एक था। कैरल सभ्यता 5,000 साल पहले दुनिया के दूसरी ओर मेसोपोटामिया और मिस्र के शुरुआती शहरी केंद्रों के साथ ही फली-फूली थी। शैडी का कहना है कि कैरल में 3000 ईसा पूर्व से 1800 ईसा पूर्व तक लोग रहते थे। शैडी के निष्कर्षों के अनुसार, कैरल में 3,000 लोग रहते थे। यहां आसपास के कई छोटे गांव भी थे। सुपे घाटी की रणनीतिक स्थिति प्रशांत तट को उपजाऊ एंडियन घाटियों और सुदूर अमेजन से जोड़ती थी। इससे सांस्कृतिक और व्यावसायिक आदान-प्रदान का एक नेटवर्क बन गया था। कैरल लोग कपास, शकरकंद, स्क्वैश, फल और मिर्च उगाते थे। ये पहाड़ों से खनिजों का व्यापार करते थे। गिलहरी और बंदर इनके पालतू जानवर थे। कैराल की वास्तुकला और दूसरे आर्ट काफी विकसित थे। शहर का एम्फीथिएटर भूकंपरोधी था। इसे प्रशांत क्षेत्र के सबसे शक्तिशाली भूकंपों को झेलने के लिए तैयार किया था। इसमें बड़े संगीत समारोहों के लिए एक अद्वितीय ध्वनिक डिजाइन था। यहां से 32 अनुप्रस्थ बांसुरी मिली हैं। यह पेलिकन की हड्डियों से बनी हैं। शैडी ने बताया कि इन वाद्ययंत्रों से यहां के लोग तट, पहाड़ों और जंगल के लोगों का अनुष्ठानों और समारोहों में स्वागत करते थे। इस सभ्यता के पतन के बारे में माना जाता है कि अपनी सामाजिक सफलता के बावजूद इसे कठिन चुनौती का सामना करना पड़ा। ये चुनौती जलवायु के बदलाव की वजह से बना। करीब 4,000 साल पहले वर्षों का सूखा एक व्यापक वैश्विक बदलाव की वजह बना। शैडी कहती हैं कि जलवायु परिवर्तन के कारण कैरल में नदियां और खेत सूख गए। उन्हें शहरी केंद्रों को छोड़ना पड़ा और बड़ी संख्या में लोग मारे गए। आशीष/ईएमएस 16 सितंबर 2025