:: सेवा पर्व के तहत जनप्रतिनिधि और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों और प्रमुख अस्पतालों में 17 सितंबर से साफ-सफाई का एक व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। यह अभियान सेवा पर्व और सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य अस्पतालों से कचरे और अनुपयोगी सामग्री को हटाकर बेहतर स्वास्थ्य वातावरण सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में जनप्रतिनिधियों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से भी सहयोग की अपील की है ताकि इस सेवा पर्व को सार्थक बनाया जा सके। डॉ. यादव ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और संभागीय कमिश्नरों को भी इस सफाई अभियान का निरीक्षण और निगरानी करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से भी आग्रह किया है कि वे इस अभियान का जायजा लेकर आमजन और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करें। मुख्यमंत्री ने रोगी कल्याण समितियों को सशक्त कर सफाई अभियान में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में बेहतर सफाई व्यवस्था सेवा पर्व को एक नया आयाम देगी। गौरतलब है कि इसी अवधि में, यानी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक, प्रदेश में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होगा, जहाँ विभिन्न रोगों की जांच के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी फैलाई जाएगी। प्रकाश/16 सितम्बर 2025