राज्य
16-Sep-2025
...


:: भीषण दुर्घटना के बाद तर्पण अनुष्ठान में नशा मुक्ति की शपथ :: इंदौर (ईएमएस)। हमारे कर्म ही हमारे स्वर्ग या नर्क का टिकट तय करते हैं। शोक पत्रिका में किसी को स्वर्गवासी लिख देने से वह स्वर्ग नहीं पहुँच जाता। हमें हमेशा दया, धर्म और परमार्थ के काम करने चाहिए, क्योंकि इन्हीं से हमारे जीवन का निर्धारण होता है। ये विचार भागवताचार्य पं. पुष्पानंदन पवन तिवारी ने एयरपोर्ट रोड स्थित हंसदास मठ पर पर श्रद्धा सुमन सेवा समिति की मेजबानी में चल रहे निःशुल्क तर्पण अनुष्ठान में व्यक्त किए। हंसदास मठ के महामंडलेश्वर श्रीमहंत रामचरणदास महाराज और महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में हुए इस अनुष्ठान में देश के लिए शहीद हुए जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों, होल्कर राजवंश के शासकों और गोमाता के लिए भी तर्पण क्रिया की गई। :: सड़क हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि :: सोमवार रात कालानी नगर चौराहे पर हुई भीषण वाहन दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए भी इस अनुष्ठान में मोक्ष की कामना की गई। साथ ही, घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर पं. तिवारी और महंत पवनदास महाराज ने हादसे के लिए नशे की लत और पुलिस-प्रशासन की लापरवाही पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने उपस्थित सभी साधकों को नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रखने के लिए हर संभव प्रयास करने की शपथ दिलाई। :: सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग :: दोपहर में पितृ मोक्षदायी भागवत कथा के दौरान पं. तिवारी ने शहर में चल रही शराब की दुकानों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इंदौर जैसे जागरूक शहर में इतनी बड़ी दुर्घटना होना प्रशासन के लिए एक गंभीर मुद्दा है। यदि निर्दोष लोग इसी तरह अपनी जान गंवाते रहे, तो शहर की सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने सरकार से इस दिशा में सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन दूसरों की सेवा और पीड़ित मानवता के आंसू पोंछने के लिए मिला है। भक्ति की शुरुआत बचपन से ही हो जानी चाहिए, वृद्धावस्था का इंतजार नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत में समिति के अध्यक्ष हरि अग्रवाल, राजेंद्र सोनी, राजेंद्र गर्ग, मुरलीधर धामानी, महेंद्र विजयवर्गीय, जवाहरलाल शर्मा, विनय जैन, डॉ. चेतन सेठिया, सूरज सिंह राठौड़, हनुमानप्रसाद सारड़ीवाल, और अनिल सांगोले ने अतिथियों का स्वागत किया। हादसे के कारण इस बार फूलों की माला का उपयोग नहीं किया गया। कथा के मुख्य यजमान आनंद प्रकाश-राजकुमारी गुप्ता, शंकरलाल वर्मा, दिलीप साहू, डॉ. महेश गुप्ता, अशोक नामदेव, और दिलीप पाल ने व्यासपीठ का पूजन किया। कथा में बुधवार को भगवान राम और कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। प्रकाश/16 सितम्बर 2025