राष्ट्रीय
17-Sep-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75वां जन्मदिवस मना रहे हैं। इस मौके पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें बधाई देकर बताया कि कैसे दोनों की पहली बार मुलाकात हुई। सिंह ने बताया कि जब वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब मोदी चुनाव प्रचार की कमान देख रहे थे। सिंह ने कहा, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी थे, उस समय जो उन्होंने पूरे भारत की यात्रा की थी। उस समय संयोजक के रूप में मोदी ही दायित्व निभा रहे थे। उस समय उनसे हमारी भेंट झांसी में हुई थी। झांसी में ही जोशी के बोलने से पहले एक दो मिनट तक उन्होंने भी अपने विचार रखे थे। और मैंने देखा कि विषय को प्रस्तुत करना और उनके बोलने की शैली बहुत ही प्रभावी है। रक्षा मंत्री ने कहा, मुझे लगा कि बीजेपी की जो लीडरशिप है, उसका अगर कोई फ्यूचर है, मोदी जी हैं। ऐसा मेरे मन में भाव आया। 2006 जनवरी से मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष रहा। तब तक हमारी भेंट होती रहती थी। और मैंने उस समय में भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में देखा कि उनके सुझाव बहुत उपयोगी हुआ करते थे। उन्होंने कहा, अनुशासन का जहां तक सवाल है, तब चुनाव प्रचार समाप्त हुआ, तब वह मेरे पास आए। मैं अशोका रोड पर रहता था। आए और कहा कि अध्यक्ष जी आपको अपना रिपोर्ट कार्ड देने आया हूं। मैंने अपना कैंपेन का काम पूरा कर दिया, जो आपने मुझे सौंपा था। सिंह ने कहा कि मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से देश को नई ऊर्जा दी है और उसे एक नई दिशा दिखाई है। सिंह ने कहा कि उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की क्षमता और सम्मान को बढ़ाया है और लोगों व गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को 75 वर्ष के हो गए। भारतीय जनता पार्टी ने इस उपलक्ष्य में 15 दिन से ज्यादा समय के लिए सेवा पखवाड़ा शुरू किया है। आशीष दुबे / 17 सिंतबर 2025