फिरोजाबाद(ईएमएस) थाना एका क्षेत्र के ग्राम सुजायतपुर में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग हो गई। घटना में दोनों ओर से गोली चलने के दौरान एक-एक व्यक्ति घायल हो गया। घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक करीब दो वर्ष पूर्व सुजायतपुर निवासी सुनील पुत्र रामकिशन ने सकीपुर निवासी करन की बहन से घरवालों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। तभी से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। बुधवार को इसी विवाद को लेकर झगड़ा बढ़ा और दोनों ओर से गोलियां चलीं। इसमें प्रथम पक्ष के श्यामपाल और द्वितीय पक्ष के कुलदीप गोली लगने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना एका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने जानकारी दी। ईएमएस