:: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दी बधाई, बोले- इनकी लगन अन्य कर्मचारियों को प्रेरित करेगी :: इंदौर (ईएमएस)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पहल मिशन कर्मयोगी के तहत, इंदौर की कार्यपालन अभियंता नूतन शर्मा ने एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) में कार्यरत नूतन शर्मा ने मात्र तीन महीनों में पोर्टल पर उपलब्ध 102 प्रशिक्षण मॉड्यूल्स को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस दौरान उन्होंने 282 कर्मा पॉइंट्स भी अर्जित किए हैं। एम.पी. ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने नूतन शर्मा की इस उपलब्धि के बारे में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को जानकारी दी। मंत्री तोमर ने नूतन शर्मा की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से पूरे प्रदेश के विद्युत परिवार को गौरव की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल नूतन शर्मा के व्यक्तिगत समर्पण का प्रमाण है, बल्कि पूरे ऊर्जा विभाग में सीखने और आगे बढ़ने की इच्छा को भी दर्शाती है। :: क्या है मिशन कर्मयोगी? मिशन कर्मयोगी का उद्देश्य सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक प्रशासनिक और तकनीकी कौशल से सशक्त बनाना है। इस पहल के माध्यम से शासन-प्रशासन में कार्यकुशलता, पारदर्शिता और दक्षता बढ़ रही है। एम.पी. ट्रांसको में भी इस मिशन को लेकर काफी उत्साह है। कंपनी के 2,788 कर्मचारियों में से 989 ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 825 ने कम से कम एक कोर्स पूरा कर लिया है। अब तक 3,804 कोर्स के लिए पंजीकरण हुआ है, जिस पर 2,101 सर्टिफिकेट जारी किए जा चुके हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि संगठन में निरंतर सीखने की संस्कृति तेजी से विकसित हो रही है। प्रकाश/18 सितम्बर 2025