:: कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों की ड्यूटी तय की; अनियमितता पर होगी कठोर दण्डात्मक कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। रबी सीजन 2025-26 को देखते हुए, जिला प्रशासन ने किसानों को समय पर उर्वरक (खाद) उपलब्ध कराने के लिए पुख्ता तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिले में उर्वरकों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक निजी विक्रय केंद्र पर उपलब्ध उर्वरक की अद्यतन स्थिति (प्रतिदिन की जानकारी) की निगरानी के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। किसान अपनी धारित कृषि भूमि के अनुसार प्राथमिकता से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विक्रेता उर्वरक केवल निर्धारित दर पर ही उपलब्ध कराएंगे और संपूर्ण वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से किया जाएगा। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि नियुक्त किए गए अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना उप संचालक, किसान कल्याण एवं कृषि विकास कार्यालय को दी जाती है, तो दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। प्रकाश/01 अक्टूबर 2025