ट्रेंडिंग
05-Oct-2025
...


मॉस्को,(ईएमएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइलें देता है ताकि वह रूस के भीतर भी हमले कर सके, तो मॉस्को और वाशिंगटन के संबंध हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे। पुतिन की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जबकि दो महीने पहले ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलास्का में शिखर बैठक की थी। तब शांति की उम्मीदें जगी थीं, लेकिन अब स्थिति और तनावपूर्ण होती दिख रही है। रूसी सेना यूक्रेन में लगातार आगे बढ़ रही है, और रूसी ड्रोन के नाटो क्षेत्र में प्रवेश की खबरें भी सामने आ रही हैं। इसी बीच अमेरिका खुले तौर पर रूस के भीतर हमलों की संभावना पर विचार कर रहा है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हाल ही में कहा था, कि वॉशिंगटन यूक्रेन के उस अनुरोध पर विचार कर रहा है, जिसमें उसने रूस के भीतर, यहां तक कि मॉस्को तक हमले करने के लिए टॉमहॉक मिसाइलें मांगी हैं। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला लिया गया या अभी रोक कर रखा गया है, यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। वैसे पुतिन ने अमेरिकी प्रतिक्रिया पर तीखी टिप्पणी करते हुए साफ कह दिया है, कि अगर ऐसा हुआ, तो रूस और अमेरिका के बीच हाल में दिख रहे सकारात्मक संकेत पूरी तरह खत्म हो जाएंगे। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उस बयान का भी जवाब दिया, जिसमें ट्रंप ने रूस को ‘पेपर टाइगर’ कहा था। पुतिन ने पलटकर कहा कि शायद नाटो ही ‘पेपर टाइगर’ है, जो रूस को आगे बढ़ने से रोकने में नाकाम रहा। रूस के सरकारी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में पुतिन ने स्पष्ट किया कि रूस के दृष्टिकोण से यह कदम दोनों देशों के रिश्तों को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। इस चेतावनी के बाद वैश्विक स्तर पर रूस-यूएस संबंधों में तनाव बढ़ने की आशंका बढ़ गई है, जबकि यूक्रेन संकट और भी जटिल होने की बात कही जा रही है। हिदायत/ईएमएस 05अक्टूबर25