-यह बात जनरल द्विवेदी ने संयुक्त राष्ट्र शांति सेना देशों के सम्मेलन में कही नई दिल्ली,(ईएमएस)। दुनिया में आज 90 से ज्यादा देश, 56 से ज्यादा सक्रिय संघर्षों में लिप्त हैं। 90 से ज्यादा देशों की इन संघर्षों में भागीदारी ने वैश्विक व्यवस्था को जटिल बना दिया है। यह जानकारी मंगलवार को भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने दी। वह नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त राष्ट्र शांति सेना योगदानकर्ता देशों के सम्मेलन में बोल रहे थे। जनरल द्विवेदी ने वैश्विक शांति के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नई प्रौद्योगिकियां, हाइब्रिड युद्ध, गैर-राज्यीय तत्वों की भूमिका और दुष्प्रचार जैसे कारक पारंपरिक युद्ध और शांति के बीच की रेखाओं को धुंधला कर रहे हैं। विश्व शांति में भारत के सहयोग व प्रतिबद्धता की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि भारत अब तक 51 संयुक्त राष्ट्र मिशनों में करीब 3 लाख सैनिक भेज चुका है। द्विवेदी ने बताया कि यह कुल 71 मिशनों में से सबसे ज्यादा है। उन्होंने बताया कि कोरिया (1950) और कांगो (1960) से लेकर आज 11 में से 9 चल रहे मिशनों में भारत की सक्रिय मौजूदगी रही है। उन्होंने कहा कि भारत न केवल सैनिक भेजने वाला देश है, बल्कि अनुभव साझा करने में भी अग्रणी है। नई दिल्ली स्थित संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना केंद्र को राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां अनेक देशों के अधिकारी प्रशिक्षण ले चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि भारत में इस सम्मेलन का आयोजन, भारत की उस भावना का प्रतीक है जिसे हम वसुधैव कुटुम्बकम् और विश्व बंधु के रूप में मानते हैं। विश्व एक परिवार है और भारत सबका मित्र। शांति स्थापना के बदलते स्वरूप पर दृष्टि डालते हुए थल सेना प्रमुख ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि आज शांति स्थापना अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि आज का शांति सैनिक केवल सुरक्षा प्रदाता नहीं है, बल्कि राजनयिक, तकनीकी विशेषज्ञ, समाज निर्माता और कभी-कभी संघर्ष क्षेत्रों में सूचना का एकमात्र जरिया भी बन जाता है। उन्होंने ब्लू हेलमेट्स पहनने वाले शांति सैनिकों को लेकर कहा कि ब्लू हेलमेट्स वास्तव में वह ‘गोंद’ हैं जो मिशन को एकजुट रखती है। जनरल द्विवेदी ने कहा कि भविष्य के शांति अभियानों के लिए हमें नवोन्मेषी सोच और व्यावहारिक अनुकूलन की जरुरत है। उन्होंने कुछ प्रमुख बिंदु रखे जिसमें उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मिशनों के लिए धन की कमी को ध्यान में रखते हुए अब कम सैनिकों और ज्यादा तकनीकी सहयोग के साथ मिशन संचालित करने होंगे। शांति स्थापना अब केवल सशस्त्र उपस्थिति तक सीमित न रहकर, निवारक कूटनीति और दीर्घकालिक शांति निर्माण की दिशा में आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने पश्चिम अफ्रीकी कहावत उद्धृत की- धीरे बोलो और बड़ा डंडा साथ रखो, तुम दूर तक जाओगे। सेनाध्यक्ष ने कहा कि कुछ मिशन जिनकी जटिलता बढ़ गई है, उनके लिए सीमित अवधि के लिए दोनों अध्यायों के बीच लचीलापन की जरुरत है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के यू1 से यू9 कार्यालयों के कार्यों का सुधार, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व बढ़ाना जरुरी है। उन्होंने बल दिया कि आधुनिक तकनीक, तीव्र तैनाती क्षमता और आपसी इंटरऑपरेबिलिटी को बढ़ाना अब समय की मांग है। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रशिक्षण, संसाधनों का बुद्धिमान उपयोग और साझी योजना ही शांति अभियानों को दीर्घकालिक स्थायित्व प्रदान कर सकते हैं। सिराज/ईएमएस 14अक्टूबर25