व्यापार
16-Oct-2025


- 173 करोड़ रुपए की अवैध कमाई जब्त, दोषियों पर बाजार में पाबंदी नई दिल्ली (ईएमएस)। बाजार नियामक सेबी ने एक बड़े इनसाइडर ट्रेडिंग घोटाले का खुलासा करते हुए 8 लोगों को शेयर बाजार से प्रतिबंधित कर दिया। इन लोगों पर भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज (आईईएक्स) के शेयरों में गोपनीय जानकारी के आधार पर ट्रेडिंग कर 173 करोड़ रुपए की अवैध कमाई करने का आरोप है। सेबी ने इस कमाई को जब्त करने का आदेश भी दिया है। सेबी की जांच में सामने आया कि इन लोगों को केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (सीईआरसी) द्वारा 23 जुलाई को की गई ‘मार्केट कपलिंग’ घोषणा की जानकारी पहले से थी। इसी सूचना के आधार पर इन्होंने आईईएक्स के गिरने की संभावना को भांपते हुए भारी मात्रा में पुट ऑप्शन खरीदे और शेयर गिरने पर मुनाफा कमाया। 24 जुलाई को आईईएक्स के शेयरों में करीब 29.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। जांच में पता चला कि ये सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं और सीईआरसी की एक अधिकारी से निजी रूप से जुड़े हुए थे। एक ज्योतिषी के माध्यम से इनका संपर्क हुआ और उसी ने ट्रेडिंग की सलाह दी। सीईआरसी के एक अन्य अधिकारी पर भी जानकारी लीक करने का आरोप है। सतीश मोरे/16अक्टूबर ---