व्यापार
01-Apr-2026


सेंसेक्स 1187 अंक बढक़र 73,134 पर बंद:निफ्टी में 348 पॉइंट की तेजी; बैंकिंग, मीडिया और मेटल शेयर्स में ज्यादा खरीदारी निवेशकों ने कमाए 11 लाख करोड़ दिल्ली(ईएमएस)। वित्त वर्ष 2027 शुरू हो चुका है और साल के पहले ही दिन शेयर बाजार में जबरदस्त रफ्तार देखने को मिली है। जबकि पिछले वित्त वर्ष में शेयर बाजार निवेशकों को नेगेटिव रिटर्न मिला था। अगर बात आज यानी पहले दिन की करें तो भारतीय शेयर बाजार ने लगातार दो दिनों की गिरावट का सिलसिला तोड़ा और सेंसेक्स और निफ्टी 50, वैश्विक रुझानों को दर्शाते हुए, मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 1,187 अंक (1.65 प्रतिशत) की तेजी के साथ 73,134 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 348 अंक (1.56 प्रतिशत) की बढ़त है, ये 22,679 के स्तर पर पहुंच गया। आज बैंकिंग, मीडिया और मेटल शेयर्स में ज्यादा खरीदारी रही। वेस्ट एशिया जंग में तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच ग्लोबल मार्केट के तेजी के बाद, बुधवार को भारतीय बाजार में भी शानदार तेजी रही। दो दिनों की तगड़ी गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी ने बुधवार को अच्छी तेजी दिखाई। निवेशकों की संपत्ति में 11 लाख करोड़ रुपये की तेजी देखने को मिली, क्योंकि बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले सत्र में दर्ज किए गए 411 लाख करोड़ रुपये की तुलना में बढक़र 422 लाख करोड़ रुपये हो गया। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध अगले 2 से 3 हफ्तों में खत्म हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अपना लक्ष्य हासिल कर चुका है और ऑपरेशन लास्ट स्टेज में है। दुनियाभर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। आज एशिया के सभी प्रमुख बाजार बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। इससे पहले अमेरिकी बाजार भी तेजी में बंद हुए थे। डॉलर और बॉन्ड यील्ड में गिरावट यूएस डॉलर इंडेक्स लगभग 0.50 फीसदी गिरा, जबकि यूएस का 10-साल का बॉन्ड यील्ड लगभग 1 फीसदी कम होकर 4.27 फीसदी पर आ गया। डॉलर और बॉन्ड यील्ड में गिरावट भारत जैसे उभरते बाजारों के लिए अच्छी बात है, क्योंकि इससे विदेशी पूंजी के आने की संभावनाएं बेहतर होती हैं। वैल्यू बाइंग को बढ़ावा निफ्टीमार्च में 11.3 फीसदी गिरा, और लगातार चौथे महीने इसमें गिरावट जारी रही। इंडेक्स में इस तेज गिरावट के कारण वैल्यूएशन अपने लंबे समय के औसत के करीब आ गया है, जिससे कई ‘ब्लू-चिप’ स्टॉक आकर्षक कीमतों पर मिल रहे हैं। पश्चिम एशियाई संघर्ष के मोर्चे पर पॉजिटिव संकेतों के बीच बाज़ार के माहौल में सुधार आया है। ऐसे में, निवेशक आगे बाजार में संभावित तेजी का फायदा उठाने के लिए ‘वैल्यू बाइंग’ में लगे हुए दिख रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 01 अप्रैल, 2026