रायपुर(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ भाजपा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खास सिपहसालार भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव पर निशाना साधा है। भाजपा का आरोप है कि देवेंद्र यादव बिहार चुनाव में छत्तीसगढ़ फार्मूले पर टिकट बेचने का काम कर रहे हैं। पार्टी ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं के विरोध प्रदर्शन का हवाला देते हुए लिखा कि यह साबित करता है कि कांग्रेस में टिकट बिकता है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान ने बिहार विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल को सीनियर पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस भूमिका में भूपेश चुनाव से पहले प्रत्याशियों की सीटों के निर्धारण में सक्रिय हैं। भाजपा ने अपने पोस्ट में लिखा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खास देवेंद्र यादव अब बिहार चुनाव में छत्तीसगढ़ फार्मूले पर टिकट बेचने का काम कर रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन इस तथ्य की पुष्टि करता है कि कांग्रेस में टिकट बिकता है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)17 अक्टूबर 2025