लेजर शो के इंद्रधनुषी रंगो ने मॉं नर्मदा का किया श्रृंगार जबलपुर,( ईएमएस)। प्रकाश का पर्व दीपावली के एक दिन पूर्व रविवार की शाम माँ नर्मदा का पवित्र तट गौरीघाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अगुवाई में माँ नर्मदा के भक्तगणों द्वारा यहाँ 51 हजार दीपकों से रोशनी की गई। दीपोत्सव में पर्यावरण को नुकसान न करने वाले पटाखों की आतिशबाजी और संपूर्ण आकाश को प्रकाश के इंद्रधनुषी रंगों से रोशन कर देने वाला लेजर शो कार्यक्रम के आकर्षण का मुख्य केंद्र था। विभिन्न धार्मिक गीतों की पृष्ठभूमि में संपन्न हुई आतिशबाजी इतनी भव्य थी कि गौरीघाट का सम्पूर्ण नर्मदा तट जय राम के नारों और असंख्य नागरिकों की तालियों से गूंज उठा। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि पिछले चार वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह दीपोत्सव का कार्यक्रम अब हर वर्ष मनाया जायेगा। मंत्री सिंह ने अपने संबोधन में जबलपुर और प्रदेश वासियों को दीपोत्सव की बधाई दी तथा मॉं नर्मदा से प्रदेश की खुशहाली तथा नागरिकों के सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की। लोक निर्माण मंत्री सिंह ने दीपोत्सव के कार्यक्रम में साधु-संतो का सम्मान कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। कार्यक्रम को साधु-संतो ने भी अपने आशीर्वचनों से सुसिंचित किया और इस आयोजन के लिए मंत्री राकेश सिंह को बधाई दी। संत-महात्माओं के सान्निध्य में आयोजित दीपोत्सव के इस कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ राज्य सभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीक, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नु, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील कुमार तिवारी इंदु, डॉ. अभिलाष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, नगर निगम अधयक्ष रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राज कुमार पटेल, अखिलेश जैन, पूर्व मंत्री शरद जैन, पूर्व महापौर सदानन्द गोडबोले, पूर्व महापौर श्रीमती स्वाति गोडबोले, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी मौजूद थे। दीपोत्सव कार्यक्रम में मौजूद साधू संतो में महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद महाराज, ज्ञानेश्वरी दीदी, स्वामी नरसिंहदास , राघवदेवाचार्य महाराज, गिरीशनंद महाराजस्वामी पागलानंद, अशोकानंद , चैतन्यानंद शामिल रहे। दीपोत्सव का शुभारंभ संतों द्वारा शंखध्वनि की नाद के साथ हुआ। संस्कारधानी वासियों के सहयोग से सजा कर रखे गए 51 हजार दीपकों का प्रज्वलन किया गया। स्वास्तिक, ओम, पुष्प की आकृति एवं शुभ दीपावली की आकृति में गौरीघाट तट पर जगमगा रहे दीपक मां नर्मदा के प्राकृतिक अदभुत सौंदर्य में चार चांद लगा रहे थे। मां नर्मदा के पवित्र जल से प्रतिबिंबित हो रहे हजारों दीपकों के दिव्य प्रकाश को देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो माँ नर्मदा स्वयं चौदह वर्षों के वनवास के बाद भगवान राम के अयोध्या आगमन पर दीपावली का त्यौहार आनंदित होकर मना रही हों। मॉं नर्मदा के दूसरे छोर पर गुरूद्वारे पर की गई रंगीन रोशनी भी मॉं नर्मदा के सौन्दर्य को बढ़ा रही थी। दीपोत्सव कार्यक्रम में उपस्थित संतों द्वारा ओंकार के नाद के बाद वैदिक रीति रिवाजों और वैदिक मंत्रों के उच्चारण के मध्य मां नर्मदा की पूजा अर्चना की गई। इस दौरान शंखों, घंटों एवं अन्य वैदिक यंत्रों का वादन भी किया गया। जिससे उत्पन्न ध्वनि माँ नर्मदा के पवित्र तट पर उपस्थित श्रद्धालुओं के हृदय में सकारात्मकता का संचार कर रही थी। मां नर्मदा की जलधारा के बीच लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर भी वैदिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जा रहा था। दीपावली की पूर्व संध्या पर आज गौरीघाट में माँ की महाआरती भी खास थी। साधु संतों सहित सभी जन प्रतिनिधि भी महाआरती में शामिल हुये और माँ नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त किया। गौरीघाट के तट पर मां नर्मदा की आरती की शुरूआत में नर्मदाष्टकम का पाठ किया गया। इस अवसर पर नर्मदा को स्वच्छ रखने की शपथ भी संस्कारधानी वासियों को दिलाई गई। सुनील साहू / शहबाज / 19 अक्टूबर 2025/ 07.00