बीजिंग,(ईएमएस)। खान-पान की आदतों को लेकर चीन हमेशा चर्चा में रहता है। अब हाल ही में चीन से कुछ नए मामले सामने आए हैं, जिसे सुनकर आपका मन भी विचलित हो सकता है। दरअसल चीन में एक साथ अलग-अलग जगहों पर लोगों को खाने में इंसानी और नकली दांत मिलने का मामला सामने आया हैं। इससे देशभर में फूड सेफ्टी को लेकर बड़ी चिंता पैदा हो गई हैं। पहला मामला चीन के जिलिन प्रांत का है। रिपोर्ट के मुताबिक 13 अक्टूबर को यहां एक महिला एक आउटडोर स्टॉल से पहुंची। महिला ने बताया कि उसने अपने बच्चे के लिए सॉसेज खरीदा। हालांकि सॉसेज में तीन इंसानी दांत की एक कतार जैसी चीज मिलने पर वह दंग रह गई। शुरुआत में वेंडर ने यह मानने से इंकार किया कि सॉसेज में दांत थे, लेकिन बाद में लोकल मार्केट सुपरविजन अधिकारियों के दखल के बाद वेंडर ने माफी मांग ली। मामला यही नहीं रुका। उसी दिन एक और मामला डोंगगुआन शहर से सामने आया। यहां महिला ने बताया कि उसके पिता को सूप परोसे गए डिम सम के अंदर दो इंसानी दांत मिले। महिला ने पुष्टि की कि ये दांत उसके पिता के नहीं थे। वहीं अपनी सफाई में रेस्टोरेंट चेन ने कहा कि उसके सभी डंपलिंग्स कंपनी हेडक्वार्टर से सीधे सप्लाई किए जाते हैं, इसीलिए मुझे नहीं पता कि दांत आखिर डंपलिंग्स में कैसे पहुंचे। स्थानीय प्रशासन ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं अगले दिन 14 अक्टूबर को शंघाई में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया। यहां एक ग्राहक को वालनट केक के अंदर एक नकली इंसानी दांत मिला। यह केक उसने सैम्स क्लब के लोकल ब्रांच से खरीदा था। हैरानी की बात यह है कि सैम्स क्लब अपने उच्च गुणवत्ता वाले फूड स्टैंडर्ड के लिए जाना जाता है और यह चीन के 20 से ज्यादा शहरों में 50 से अधिक आउटलेट चलाता है। आशीष दुबे / 21 अक्टूबर 2025