वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रोशनी का त्यौहार दिवाली मना रहे अमेरिकियों को शुभकामनाएं दीं और इसे बुराई पर प्रकाश की जीत और परिवार और दोस्तों के साथ एकजुट होने का प्रतीक बताया। लेकिन संदेश में भारत और हिन्दुओं का नाम नहीं लिया गया है, जिसे सामान्य तौर पर वैश्विक नेताओं के दिवाली संदेशों में शामिल किया जाता है। ट्रंप ने लिखा कि यह परिवारों और दोस्तों को एक साथ लाकर समुदाय का जश्न मनाने, आशा से शक्ति प्राप्त करने और नवीनीकरण की स्थायी भावना को अपनाने का भी समय है। लाखों नागरिक दीये और लालटेन जलाते हैं, हम इस शाश्वत सत्य में आनंदित होते हैं कि अच्छाई हमेशा बुराई पर विजय प्राप्त करती है। दिवाली मनाने वाले प्रत्येक अमेरिकी के लिए, यह उत्सव स्थायी शांति, समृद्धि, आशा और शांति लाए। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप रूस से लगातार तेल खरीदने, पाकिस्तान से युद्धविराम के लिए क्रेडिट नहीं देने और नोबेल पुरस्कार के लिए नॉमिनेट नहीं करने की वजह से भारत से काफी नाराज हैं। यह शुभकामनाएं तब आईं जब उन्होंने रूसी कच्चे तेल की खरीद को लेकर नई दिल्ली पर हाई टैरिफ लगा दिया है। ट्रंप का दावा है कि भारत रूस से तेल खरीदकर यूक्रेन के खिलाफ मास्को के युद्ध का समर्थन करता है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भी ब्रिटेन के हिंदुओं, जैनियों और सिखों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और बंदी छोड़ दिवस का भी उल्लेख किया। उन्होंने मुंबई में दीया जलाने का भी जिक्र किया। इस बार ट्रंप की दिवाली मनाने की कोई तस्वीर जारी नहीं की गई है, जबकि उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में वाइट हाउस में दिवाली मनाने की तस्वीरें जारी की थीं। आशीष दुबे / 21 अक्टूबर 2025