मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के सांगली जिले के इस्लामपुर शहर का नाम आखिरकार बदल दिया गया है। अब इस्लामपुर शहर ईश्वरपुर के नाम से जाना जाएगा। दरअसल राज्य सरकार के प्रस्ताव के बाद, केंद्र सरकार ने इस्लामपुर का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है। अब सांगली ज़िले के इस्लामपुर शहर को ईश्वरपुर शहर के नाम से जाना जाएगा। विधानमंडल के अधिवेशन में, मंत्री छगन भुजबल ने इस्लामपुर शहर का नाम बदलकर ईश्वरपुर शहर करने की घोषणा की थी और बताया था कि केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा गया है। इसके बाद, केंद्र ने आखिरकार इस्लामपुर शहर का नाम बदलकर ईश्वरपुर शहर करने को मंज़ूरी दे दी है। आपको बता दें कि महागठबंधन सरकार द्वारा राज्य के कई ज़िलों के नाम बदले गए हैं, जिनमें इस्लामपुर शहर का नाम बदलने की माँग भी थी। इसी के तहत, महागठबंधन सरकार ने इस्लामपुर शहर का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू की थी। इस्लामपुर शहर राष्ट्रवादी शरद पवार गुट के विधायक जयंत पाटिल का निर्वाचन क्षेत्र है। हालांकि इस फैसले को राजनीतिक प्रतीकवाद के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार के इस फैसले को विपक्ष और कुछ मुस्लिम संगठनों ने धार्मिक भेदभाव की राजनीतिक चाल बताया है। संजय/संतोष झा- २४ अक्टूबर/२०२५/ईएमएस