मुंबई (ईएमएस)। भारतीय फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री को आज एक बड़ा झटका लगा है। मशहूर अभिनेता सतीश शाह का 25 अक्टूबर शनिवार को 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे और हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर ने की और बताया कि उनका अंतिम संस्कार रविवार को होगा। फिल्म प्रोड्यूसर अशोक पंडित ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, आपको यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारे प्रिय मित्र और बेहतरीन अभिनेता सतीश शाह का कुछ घंटे पहले किडनी फेल होने के कारण निधन हो गया। उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इंडस्ट्री के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है। ॐ शांति। उनके इस पोस्ट पर फैंस ने भी शोक जताया। बेहतरीन अभिनेता सतीश शाह ने अपने करियर में कई फिल्मों और टीवी शो में यादगार प्रदर्शन किए। उनकी लोकप्रियता सबसे ज्यादा ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’, ‘जाने भी दो यारो’ और ‘मैं हूँ ना’ जैसे प्रोजेक्ट्स से आई। वह अपने कॉमिक रोल्स और सहज अभिनय के लिए जाने जाते थे और इंडस्ट्री में हमेशा अपने मित्रवत और विनम्र व्यवहार के लिए सराहे गए। उनके निधन से न सिर्फ फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में बल्कि देश और दुनियां में उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। सतीश शाह ने अपने लंबे करियर में दर्शकों के दिलों में कॉमिक टाइमिंग और यादगार किरदारों के जरिए अपनी पहचान बनाई। उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। हिदायत/ईएमएस 25अक्टूबर25