मुंबई में ‘इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 का उद्घाटन मुंबई,(ईएमएस)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मुंबई में ‘इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 का उद्घाटन किया। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार, और केन्द्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। श्री शाह ने कहा कि यह समय भारत का “मैरीटाइम पल” है, जो गेटवे ऑफ़ इंडिया को गेटवे ऑफ वर्ल्ड में बदल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में किए गए संरचनात्मक सुधारों के कारण भारत आज वैश्विक मैरीटाइम मानचित्र पर एक उभरती हुई ताकत के रूप में खड़ा है। उन्होंने बताया कि भारत की 11,000 किमी लंबी समुद्री तटरेखा, 13 तटीय राज्य, और 23.7 लाख वर्ग किमी का एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक ज़ोन(ईईजेड) देश को एक रणनीतिक लाभ प्रदान करते हैं। इसकारण भारत अब इंडो-पैसिफिक और ग्लोबल साउथ के बीच विकास, सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन का सेतु बन चुका है। केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मैरीटाइम विजन तीन स्तंभों सुरक्षा, स्थिरता और आत्मनिर्भरता पर आधारित है। मोदी सरकार के प्रयासों से भारत अब ‘सागर’ (सिक्यूरिटी ग्रोथ ऑफ आल रीजन) से आगे बढ़कर ‘महासागर’ (म्यूचल एंड होस्टिक एडवांटेज फार सुक्यूरिटी एंड ग्रोथ रिजिन) के युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने बताया कि ‘सागरमाला’, ‘ब्लू इकोनॉमी’, ‘ग्रीन मैरीटाइम विज़न’ जैसी पहलों के माध्यम से भारत ने विश्व की शीर्ष 5 शिपबिल्डिंग राष्ट्रों में शामिल होने का लक्ष्य रखा है। अब तक 70 अरब डॉलर की 839 परियोजनाओं की पहचान हो चुकी है, जिसमें से 17 अरब डॉलर की 272 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि भारत ग्रीन मैरीटाइम भविष्य की दिशा में अग्रसर है—जहां विकास के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संतुलन भी बना रहेगा। उन्होंने छोटे द्वीपीय और ग्लोबल साउथ देशों की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत एक “ग्रीन, समृद्ध और साझा महासागर” के निर्माण के विज़न के साथ आगे बढ़ रहा है। शाह ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी ने भारत के समुद्री क्षेत्र को राष्ट्रीय शक्ति, क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक समृद्धि के रूप में परिभाषित किया है। अब लक्ष्य स्पष्ट है—2047 तक भारत को मैरीटाइम क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व प्रदान करना।” आशीष दुबे / 27 अक्टूबर 2025