नई दिल्ली,(ईएमएस)। यमुना में छठ के सफल आयोजन के बाद भारतीय जनता पार्टी और दिल्ली में इसकी सरकार पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर इस तरह के तरन्नुम के साथ तंज कस रही है। भाजपा ने कहा ने कि केजरीवाल के साथ यमुना का झाग भी चला गया है। वे बैन लगाए बैठे थे और हम नैन बिछाए बैठे हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने सुबह के अर्घ्य के बाद घाट पर मीडिया से बात करते हुए कहा, केजरीवाल गया, झाग गया। इस बार कहीं झाग नहीं है यमुना में। सुंदर छठ पूजा हो रही है। मुझे लगता है कि जो घाट पर है जो छठ मना रहा है, उनके चेहरों से... आप किसी से माइक लगाकर पूछ लीजिए। जमीन आसमान का अंतर है। मुख्यमंत्री ने खुद लीड लिया, एक एक घाट पर गईं। दिल्ली में ऐसी कोई सरकार आई नहीं है। एक एक मंत्री घाट पर खड़े हैं। व्यवस्था सारी ठीक है। लोगों के चेहरे बता रहे हैं कि खुश हैं। जो लोग यमुना में प्रदूषण करते थे, झाग करते थे, छठ पर बैन लगाते थे उन्हें दिल्ली के लोगों ने बाहर कर दिया। वो बैन लगाकर बैठे थे हम नैन बिछाकर बैठे हैं। दिल्ली सरकार की ओर से इस साल यमुना किनारे छठ के लिए विशेष तैयारी की गई थी। पल्ला से लेकर कालिंदी कुंज तक यमुना नदी के किनारे कुल 17 प्वाइंट पर मॉडल छठ घाटों का निर्माण किया गया है। इन घाटों पर टेंट, लाइट, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और मेडिकल सहायता जैसी सभी व्यवस्थाएं दिल्ली सरकार द्वारा सुनिश्चित की गई। एक तरफ जहां दिल्ली की भाजपा सरकार यमुना में छठ आयोजन के लिए अपनी पीठ थपथपा रही है तो दूसरी तरफ विपक्षी आम आदमी पार्टी उस पर लगातार हमलावर है। आप का आरोप है कि भाजपा सरकार ने खतरनाक केमिकल के सहारे झाग को खत्म किया है और इसकी वजह से पवित्र नदी और प्रदूषित हो गई। इसके अलावा वासुदेव घाट पर फिल्टर किए गए पानी से नकली यमुना घाट बनाने का भी आरोप लगाया। दिल्ली सरकार की ओर से यमुना किनारे बनाए गए 17 मॉडल घाटों पर पूर्वांचल के हजारों श्रद्धालुओं ने पहले डूबते और फिर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व को धूमधाम से मनाया। कई सालों पर बाद यमुना किनारे आयोजित छठ पर दिल्ली सरकार की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। खुद मुख्यमंत्री और कैबिनेट के अन्य मंत्री घाटों पर मौजूद रहे।सुबह के अर्घ्य से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा, पिछले वर्षों में जब सरकार सुविधाएं नहीं देती थी, पूर्वांचल के भाई बहन इधर-उधर भटकते थे। गली मोहल्लों में छोटे तालाब बनाकर पूजा करते थे। वर्षों बाद मां यमुना के तट पर मां यमुना के जल में छठी मैय्या की आराधाना करते हुए भगवान सूर्यनारायण को जल चढ़ा रहे हैं। यह मेरे लिए संतोष का विषय है कि मेरी सरकार आपकी अपेक्षाओं पर खड़ी उतरी है। जो रौनक और व्यवस्था इस बार दिल्ली में है उसकी चर्चा पूरे देश में है। मैं चाहती हूं कि छठी मैय्या का आशीर्वाद पूरी दिल्ली पर, ढाई करोड़ जनता पर हमेशा बनी रहे। विकसित भारत हो और विकसित दिल्ली हो। वर्षों से दिल्ली मुर्झाई हुई थी, वर्षों से तकलीफ में थी। वीरेंद्र/ईएमएस/28अक्टूबर2025