राष्ट्रीय
28-Oct-2025
...


मुंबई(ईएमएस)। शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जमकर निशाना साधा। वर्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं की रैली के दौरान उन्होंने शाह की तुलना एनाकोंडा और अब्दाली से की। ठाकरे ने भाजपा पर मुंबई को राजनीतिक हेरफेर और भूमि हड़पने के जरिए निगलने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने किसी भी ऐसी कोशिश का विरोध करने की प्रतिज्ञा की। शिवसेना यूबीटी के मुखपत्र सामना में छपी एक रिपोर्ट का ठाकरे ने हवाला दिया, जिसमें भाजपा के नए कार्यालय को बिजली की गति से भूमि हड़पकर बनाए जाने का जिक्र था। उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी की तुलना जिजामाता उद्यान में हाल ही में लाए गए एनाकोंडा से की। उद्धव ठाकरे ने इस दौरान सत्तारूढ़ भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कटाक्ष किया कि लोकतंत्र में मतदाता सरकार चुनते हैं, लेकिन आज सरकार मतदाताओं को चुनती है। ठाकरे ने कहा, फर्जी मतदाताओं के कदाचार के लिए चुनाव आयुक्त के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने और केंद्र में सरकार बनाने के बाद चुनाव आयुक्तों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा और उन्हें मुकदमे का सामना करना पड़ेगा। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि भाजपा ने आत्मनिर्भर भारत का आह्वान किया था, लेकिन वह अब भी आत्मनिर्भर बीजेपी नहीं बन सकी है क्योंकि वह पार्टियों को तोड़ने और वोट चुराने का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि भाजपा स्वयंभू देशभक्तों का फर्जी गिरोह है। उद्धव ठाकरे ने कहा, जैसे एनाकोंडा अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को निगल जाता है, वैसे ही वे मुंबई को गटकना चाहते हैं। ठाकरे ने अमित शाह और भाजपा की ओर इशारा करते हुए यह बात कही। ठाकरे ने भाजपा नेताओं की तुलना अफगान आक्रमणकारी अहमद शाह अब्दाली से भी की। उन्होंने दावा किया कि वे मुंबई पर कब्जा करने आए हैं। असली अब्दाली फिर आए हैं, इस बार दिल्ली और गुजरात से। अगर वे हमारा शहर लेने की कोशिश करेंगे तो उनकी कब्र हमारे ही धरती पर बनेगी। शिवसेना यूबीटी चीफ ने महाराष्ट्र की राजनीतिक और आर्थिक लूट को ऐतिहासिक व्यक्तियों से भी जोड़ा। गुजराती नेता मोरारजी देसाई पर अपने कार्यकाल में महाराष्ट्रीयन प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश देने का आरोप लगाया। वीरेंद्र/ईएमएस/28अक्टूबर2025