राष्ट्रीय
30-Oct-2025
...


पटना,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होनी है। विधानसभा चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दल ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को पीएम मोदी की रैली होनी हैं। जिसे लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर जोरदार प्रहार किया है। तेजस्वी ने कहा कि चाहे जितनी रैलियां कर लें, बिहार की जनता ने इस बार एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधकर कहा कि आयोग की ईमानदारी देखिए, आज चुनाव के बीच में भी 10 लाख महिलाओं को पैसे दिए गए हैं। ऐसी क्या आपात स्थिति थी कि उन्हें अभी, चुनाव के दौरान ये पैसे देने पड़े? 20 साल में क्यों नहीं दिए? विधानसभा चुनाव के बाद दे सकते थे, लेकिन यह पूरी तरह से रिश्वत के रूप में बांटा जा रहा है। चुनाव आयोग की नैतिकता खत्म हो गई है। पूरा देश देख रहा है। आज रिश्वत के तौर पर पैसे दे रहे हैं, फिर यह छीनने का काम करने वाले है। इसके दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह को निशाने पर लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार का बेटा ही बिहार चला सकता है। तेजस्वी ने कहा कि वे केवल बिहार से वोट चाहते हैं और गुजरात में उद्योग स्थापित करना चाहते हैं। शाह ने कह दिया है कि बिहार में कारखाने लगाना संभव नहीं है, क्योंकि भूमि की कमी है। ऐसा गृह मंत्री हम लोगों ने आज तक नहीं देखा। इनकी मंशा बिहार में कब्जा जमाने की है। बिहार का बेटा ही बिहार को चला सकता है। आशीष दुबे / 30 अक्टूबर 2025