अंतर्राष्ट्रीय
30-Oct-2025


वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी संघीय सरकार के शटडाउन के कारण वित्तीय अनिश्चितता और फंड नहीं मिलने के कारण रेडियो फ्री एशिया ने संपादकीय ऑपरेशन बंद करने और न्यूज कंटेंट का प्रोडक्शन शुक्रवार को रोकने का फैसला लिया। आरएफए के सीईओ बे फैंग ने कहा कि वे सीमित संसाधनों को संरक्षित करने और भविष्य में फंड मिलने पर संचालन फिर से शुरू करने की संभावना बनाए रखने के लिए कुछ नए कदम उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 30 वर्षों में यह पहली बार है जब आरएफए ऐसा कदम उठा रहा है। अन्य कदम में विदेशी ब्यूरो बंद किए जाएँगे। औपचारिक रूप से छुट्टी पर गए कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी। उन कर्मचारियों को सेपरेशन भत्ता दिया जाएगा। इस साल की शुरुआत में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरएफए और उसके सहयोगी प्रसारकों जैसे वॉयस ऑफ अमेरिका और रेडियो फ्री यूरोप के लिए फंडिंग बंद करने की घोषणा की थी, जिसके बाद सैकड़ों आरएफए कर्मचारियों को अवैतनिक अवकाश पर भेजा गया था। हालांकि, अप्रैल में एक संघीय न्यायाधीश ने प्रशासन को फंडिंग बंद करने से रोक दिया था। रेडियो फ्री एशिया 1996 से पूरे एशिया में प्रसारण कर रहा है। कार्यकर्ता का कहना है कि इसके पत्रकार सत्तावादी देशों में विश्वसनीय समाचार प्रदान करते हैं और चीन के उइगर मुसलमानों जैसे उत्पीड़ित अल्पसंख्यकों की दुर्दशा के बारे में जागरूकता बढ़ाते हैं। आशीष दुबे / 30 अक्टूबर 2025