04-Nov-2025


:: केन्द्र के निर्देश पर सरकारी स्कूलों में आयोजन; 51 हजार रुपए तक के आकर्षक पुरस्कार :: इंदौर (ईएमएस)। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों में तार्किक सोच (Logical Reasoning), समस्या समाधान क्षमता (Problem-Solving Skills) और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार के निर्देश पर अब इन छात्रों के लिए गणित और विज्ञान विषयों में ओलंपियाड का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में, लोक शिक्षण संचालनालय के सेकेण्डरी एजुकेशन विंग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। यह ओलंपियाड छात्रों को न केवल ज्ञान के लिए प्रेरित करेगा, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से पुरस्कृत भी करेगा। गणित और विज्ञान, दोनों विषयों में, कुल 10 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा (प्रत्येक विषय में 5)। पुरस्कार स्वरूप प्रत्येक विषय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹51,000/- की राशि दी जाएगी, जबकि द्वितीय पुरस्कार ₹31,000/- और तृतीय पुरस्कार ₹21,000/- का होगा। इसके अतिरिक्त, दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक को ₹11,000/- की राशि मिलेगी। ओलंपियाड परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी: प्रथम चरण विकासखंड मुख्यालयों पर और द्वितीय चरण संभागीय मुख्यालयों पर। विद्यार्थी गणित या विज्ञान, किसी एक विषय में अथवा दोनों विषयों में भाग लेने के लिए स्वतंत्र हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थी की प्रविष्टि विद्यालय के प्राचार्य द्वारा 10 नवंबर 2025 तक विमर्श पोर्टल पर की जाएगी। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत और आवश्यक जानकारी सरकारी स्कूलों के हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों के प्राचार्यों को पहले ही भेजी जा चुकी है। प्रकाश/04 नवम्बर 2025