राष्ट्रीय
05-Nov-2025


-पुलिस ने निलंबित डॉक्टर की संपत्ति को किया सीज खंडवा,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मदरसे से निकले 20 लाख के नकली नोट के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने दावा किया है कि बुराहनपुर का निलंबित डॉक्टर प्रतीक नवलखे ही इस नकली नोट कांड का असली मास्टरमाइंड है। प्रतीक नवलखे की संपत्ति सीज कर दी गई है। महाराष्ट्र की मालेगांव पुलिस ने हरीरपुरा निवासी जुबेर अंसारी को 29 सितंबर को 10 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ पकड़ा था। मामला सामने आने के बाद खंडवा जिले के पेठिया जहां जुबेर एक मस्जिद में इमाम था, वहां के मुस्लिम लोगों ने पुलिस बुलाकर उसके कमरे की तलाशी करवाई। तलाशी में मदरसे से 19.87 लाख रुपए के नकली नोट बरामद हुए थे। अब इस मामले में बुरहानपुर के निलंबित डॉक्टर प्रतीक नवलखे का नाम सामने आया, जो इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। इसके बाद बुरहानपुर पुलिस ने इतवारा गेट स्थित निलंबित डॉक्टर प्रतीक नवलखे संपत्ति को सीज कर दिया है। बुरहानपुर के एएसपी ने बताया कि महाराष्ट्र में डॉक्टर प्रतीक के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही बुरहानपुर में उसके मकान को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई जांच समिति को जांच में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। सिराज/ईएमएस 05नंवबर25