राज्य
05-Nov-2025
...


-विधायक सुदेश राय के साथ की प्रदेश की खुशहाली की अरदास सीहोर (ईएमएस)। गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर सीहोर स्थित गंगा आश्रम गुरुद्वारा में बुधवार को भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और स्थानीय विधायक सुदेश राय विशेष रूप से शामिल हुए। गुरुद्वारे पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता भेंट कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। गुरुद्वारे में आयोजित लंगर कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विधायक सुदेश राय ने गुरु दरबार में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने ज्ञानी जी को परंपरा अनुसार वस्त्र भेंट किए और सिख समाज के प्रति सम्मान व्यक्त किया। शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन सत्य, करुणा और समानता का प्रतीक है। उनका संदेश आज भी समाज में प्रेम और एकता की प्रेरणा देता है। विधायक सुदेश राय ने भी कहा कि गुरु नानक जी की शिक्षाएं हर युग में मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी। गुरुद्वारे के बाहर मंत्री चौहान और विधायक राय ने सिख समाज और उपस्थित श्रद्धालुओं को गुरु नानक जयंती की शुभकामनाएं दीं। लंगर में सभी धर्मों और वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जिससे आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश गया। इस अवसर पर सिंह सभा के पदाधिकारियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता जसपाल सिंह अरोरा, विकास प्रिंस राठौर, अमिता अरोरा, सीताराम यादव, सुदीप प्रजापति, सन्नी सरदार और सिख समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सिख समाज के सहयोग से शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।