:: स्पाइनल इंजरी और कैंसर से लड़कर बनीं एशियन मेडलिस्ट, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर सहित पूरे मध्यप्रदेश को एक उल्लेखनीय गौरवपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। शहर की अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलीट कु. पूजा गर्ग (अग्रवाल) का चयन भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा घोषित राष्ट्रीय पुरस्कार 2025 के लिए किया गया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान श्रेष्ठ दिव्यांगजन (Locomotor Disability) श्रेणी में प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार दिसंबर 2025 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किया जाएगा। पूजा गर्ग की जीवन यात्रा विपरीत परिस्थितियों में दृढ़ संकल्प की मिसाल है। वर्ष 2010 में एक गंभीर दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में चोट लगने और 13 सर्जरियों के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी, बल्कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को भी सफलतापूर्वक मात दी। आज वह अंतरराष्ट्रीय पैरा कैनो खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करती हैं और एशियन पैरा कैनो चैंपियनशिप 2025 (थाईलैंड) में दो कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा चुकी हैं। उनके नाम एक और असाधारण उपलब्धि दर्ज है—वर्ष 2024 में 14,400 फीट ऊँचे नाथुला पास (सिक्किम) पर मोटरबाइक से पहुँचकर तिरंगा लहराना, जिसके लिए उनका नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स – लंदन में दर्ज किया गया है। खेलों के साथ-साथ, पूजा गर्ग अपनी संस्था पंखों की उड़ान चैरिटेबल फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय हैं, जो देशभर में गुड टच–बैड टच, आत्मरक्षा और जागरूकता अभियानों का संचालन करती है। जिला प्रशासन ने भी उन्हें डिस्ट्रिक्ट मॉनिटरिंग कमेटी ऑन एक्सेसिबल इलेक्शन का सदस्य नामित किया है। प्रकाश/07 नवम्बर 2025