नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। उन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 1000 रन पूरे कर लिए, और यह उपलब्धि उन्होंने सबसे कम गेंदों में हासिल की। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारत के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अभिषेक ने 528 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 573 गेंदों में 1000 रन पूरे किए थे। इस तरह वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। दुनिया के फुल मेंबर देशों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले बल्लेबाजों में अभिषेक अब शीर्ष पर हैं। उनके बाद फिल सॉल्ट (599 गेंद), ग्लेन मैक्सवेल (604 गेंद) और आंद्रे रसेल व फिन एलन (609 गेंद) का नाम आता है। अभिषेक शर्मा ने अब तक 28 पारियों में 189.51 के स्ट्राइक रेट से एक हजार से अधिक रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 अर्धशतक और 2 शतक लगाए हैं। वह दुनिया में सबसे कम पारियों में एक हजार रन पूरे करने वाले पांचवें बल्लेबाज बने हैं। इंग्लैंड के डेविड मलान ने केवल 24 पारियों में यह आंकड़ा पार किया था। भारतीय बल्लेबाजों में यह रिकॉर्ड पहले विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने 27 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे। अभिषेक ने यह उपलब्धि सिर्फ एक पारी पीछे रहकर हासिल की और कोहली के बाद भारत के लिए यह मुकाम छूने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए। गाबा में खेले जा रहे इस मैच में अभिषेक को शुरुआती ओवरों में ही दो जीवनदान मिले, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और एक बार फिर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए शानदार शुरुआत दिलाई। जारी टी20 सीरीज में वह अब तक के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं, जिससे टीम इंडिया को निर्णायक मुकाबले में मजबूत स्थिति मिली है। सबसे कम गेंदों में 1000 अंतरराष्ट्रीय टी20 रन बनाने वाले खिलाड़ी 528 अभिषेक शर्मा 573 सूर्यकुमार यादव 599 फिल साल्ट 604 ग्लेन मैक्सवेल 609 आंद्रे रसेल/ फिन एलन डेविड/ईएमएस 08 नवंबर 2025