ट्रेंडिंग
10-Nov-2025
...


बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने का दावा किया नई दिल्ली,(ईएमएस)। बिहार के दूसरे चरण में 122 विधानसभा सीटों के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होनी है। इसके लिए चुनावी दलों का चुनावी प्रचार-प्रसार खत्म हो गया। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने का दावा किया। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने लिखा, महागठबंधन सरकार बिहार को 20 वर्षों की लाचार व्यवस्था से मुक्ति दिलाएगी। अब पलायन रुकेगा, युवाओं के भविष्य से अंधेरा छटेगा और हर घर में नौकरी से उनका भविष्य संवरेगा! कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने लिखा, अब अन्याय का अंत होगा, सामाजिक न्याय से बिहार में बदलावा आएगा, दलित, महादलित, आदिवासी, पिछड़े, अति-पिछड़े, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों व अल्पसंख्यकों को उनके अधिकार मिलेगा। महिला, किसान, युवा, समाज के हर वर्ग का आर्थिक उत्थान होगा, राज्य की तस्वीर बदलने के लिए, बिहार की जनता प्रस्थान कर चुकी है! कांग्रेस नेता खड़गे ने बिहार के गौरव को लौटाने की बात कह कर कहा कि ऐसा संभव करने की गारंटी है। खड़गे ने फोटो शेयर किया, इसमें महागठबंधन के चुनावी वादों को बताया गया है। इसमें 200 यूनिट फ्री बिजली, गैस सिलेंडर के लिए 500 रुपए, महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए, हर परिवार में एक सरकारी नौकरी, सहारा में फंसे पैसों को दिलाने के लिए एसआईटी का गठन और जीविका दीदियों को 30,000 रुपए की सैलरी देने का वादा है। इसके अलावा महिलाओं को फ्री बस सेवा, दिव्यांगों को 3,000 रुपए की पेंशन, वृद्धजनों को 1,500 की पेंशन और 25 लाख रुपए तक के फ्री इलाज का वादा शामिल है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 6 नवंबर को हुए पहले चरण में करीब 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें समस्तीपुर में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड 71.74 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, राजधानी पटना में सबसे कम 59.02 प्रतिशत मतदान हुआ। आशीष दुबे / 10 नवंबर 2025