12 को लाड़ली बहनों के खातों में आएंगे 1500 -भावांतर योजना से 1300 प्रति क्विंटल सोयाबीन के दाम देगी सरकार भोपाल(ईएमएस)।मप्र में एक करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों के खातों में 12 नवंबर को 1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लाडली बहनों को 250 रुपए प्रतिमाह बढ़ाकर देने को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री मंगलवार को केवडिय़ा में रहेंगे, इसलिए बैठक सोमवार को की गई। कैबिनेट की बैठक के बाद मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भाई दूज के दिन घोषणा की थी कि लाड़ली बहनों को 250 रुपए बढ़ाकर 1250 रुपए की जगह 1500 रुपए दिए जाएंगे। 1 करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों को मार्च 2023 से अब तक करीब 44 हजार करोड़ रुपए दिया जा चुके हैं। इस साल करीब 20,450 करोड़ खर्च होंगे। मुख्यमंत्री यह राशि सिवनी से सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर करेंगे। मंत्री काश्यप ने बताया कि 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती के मौके पर जबलपुर और आलीराजपुर में दो बड़े कार्यक्रम होंगे। जबलपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। इसी दिन सभी जिलों में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम होंगे। इनमें शिक्षा, खेल के क्षेत्र में जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। भावांतर से सोयाबीन के 1300 रुपए देगी सरकार भावांतर योजना में 14 दिन में पहला मॉडल रेट निकाला जाएगा। सोयाबीन के मामले में यह योजना देश में सबसे सफल रूप से एमपी में ही लागू हो पाई है। एमपी में सोयाबीन का मॉडल रेट 4036 रुपए प्रति क्विंटल निकला है। अब हर रोज भाव निकाल रहे हैं। 13 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास से करीब 1 लाख 32 हजार किसानों को 300 करोड़ रुपए भावांतर राशि का भुगतान बैंक खातों में करेंगे। प्रति क्विंटल करीब 1300 रुपए का भुगतान किसानों के खातों में किया जाएगा। 1.60 लाख किसानों ने बेचा सोयाबीन एक लाख 60 हजार किसानों ने करीब 2 लाख 70 हजार सोयाबीन बेचा है। अब प्रतिदिन का रेट जारी होगा। इस पारदर्शी योजना के जरिए किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा। सिंगल क्लिक पेमेंट के माध्यम से फसल के नुकसान का मुआवजा दे दिया गया है। विनोद कुमार उपाध्याय, 10 नवम्बर, 2025