सिंगरौली,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित अडाणी पावर के बधौरा पावर प्लांट में शनिवार सुबह एक मजदूर की मौत के बाद भारी हंगामा हो गया। आक्रोशित मजदूरों ने प्लांट परिसर में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया। जानकारी के अनुसार, सिंगरौली जिले के माडा थाना क्षेत्र के बधौरा स्थित पावर प्लांट में कार्यरत मजदूर लल्लन सिंह की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और लंबे समय से प्लांट में कार्यरत था। मजदूर की मौत की खबर फैलते ही साथी श्रमिकों में आक्रोश फैल गया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा घटना की जानकारी छिपाने की कोशिश की गई। इसी दौरान यह अफवाह भी फैल गई कि लल्लन सिंह की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। इसके बाद गुस्साए मजदूरों ने प्लांट परिसर में जमकर हंगामा किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मजदूरों ने प्लांट के अंदर खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी और कुछ वाहनों को पलट दिया। घटना के दौरान एक दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस चौकी प्रभारी की गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर उसे पलट दिया गया। कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे परिसर में काले धुएं का गुबार उठता देखा गया। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मजदूरों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। कंपनी ने कहा मौत हार्ट अटैक से हुई प्रशासन के अनुसार, कंपनी प्रबंधन का दावा है कि मजदूर की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि साथी मजदूर इस मामले की निष्पक्ष जांच और मौत के सही कारण का खुलासा करने की मांग कर रहे थे। प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी। फिलहाल पावर प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है। हिदायत/ईएमएस 14मार्च26