ट्रेंडिंग
16-Nov-2025
...


- गोली सिर में लगने से मौके पर ही मौत - गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में मची भगदड़ - प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी - व्यापारियों ने बाजार बंद कर जताया विरोध फिरोजपुर(ईएमएस)। पंजाब के फिरोजपुर शहर में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। अज्ञात हमलावरों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता नवीन अरोड़ा को गोली मार दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। स्वयं सेवक नवीन अरोड़ा (40 वर्ष) शहर के मोची बाजार में किराने की दुकान चलाते थे। वे आरएसएस के वरिष्ठ नेता बलदेव राज अरोड़ा के पुत्र और आजादी से पूर्व के आरएसएस नेता दीनानाथ अरोड़ा के पोते थे। शनिवार रात दुकान बंद करके घर लौटते समय बुधवारा वाला मुहल्ले के पास यूको बैंक के निकट दो हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली सिर में लगने से नवीन की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर बाण बाजार की ओर फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। नवीन को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह और विधायक रणबीर सिंह भुल्लर मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात की और हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। नवीन के परिवार में मातम छा गया। व्यापारी समुदाय और आरएसएस कार्यकर्ता इस हत्या से आक्रोशित हैं। आरएसएस नेता राजेश खुराना ने बताया कि नवीन एक सक्रिय कार्यकर्ता थे। व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा।