राष्ट्रीय
17-Nov-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। लंबे समय तक ऑफिस में बैठना और अनियमित दिनचर्या के कारण लोगों में मांसपेशियों की कमजोरी, थकान और शरीर दर्द आम समस्या बन चुकी है। इन समस्या से छुटकारा पाने का आसान उपाय है चतुरंग दंडासन। आयुष मंत्रालय ने खास तौर पर चतुरंग दंडासन को एक प्रभावी योगासन बताया है, जो शरीर को मजबूत और लचीला बनाता है। इस आसन से न केवल शारीरिक ताकत बढ़ती है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और ऊर्जा स्तर में भी सुधार होता है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, चतुरंग दंडासन के नियमित अभ्यास से शरीर की कई बड़ी मांसपेशियां सक्रिय होती हैं, जिससे कंधे, पीठ, हाथ और पैरों में मजबूती आती है। यह आसन रीढ़ की हड्डी को सीधा रखता है और पोस्चर को सुधारने में मदद करता है। इसके अलावा, यह कमर और पीठ दर्द जैसी आम समस्याओं से राहत दिलाने में भी कारगर है। मंत्रालय का कहना है कि योग सिर्फ व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है, और चतुरंग दंडासन इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। योग विशेषज्ञ बताते हैं कि इस आसन को करने के लिए सबसे पहले व्यक्ति को प्लैंक पोजीशन में आना चाहिए। दोनों हाथों को कंधों के ठीक नीचे रखें और पैरों की उंगलियों को जमीन पर टिकाएं। अब धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए कोहनियों को मोड़ें और शरीर को सीधा रखते हुए नीचे लाएं। ध्यान रहे कि छाती और ठुड्डी जमीन के करीब रहें, लेकिन उसे छुएं नहीं। कूल्हों की स्थिति न ऊपर उठनी चाहिए और न नीचे झुकनी चाहिए। इस अवस्था में 10 से 20 सेकंड तक रुकें और फिर प्रारंभिक मुद्रा में लौट आएं। शुरुआती लोग इसे तीन से पांच बार दोहरा सकते हैं। इस आसन के कई लाभ हैं। यह कंधे, बाहों और कलाइयों की मांसपेशियों को मजबूत करता है, जिससे शरीर में स्थिरता और संतुलन आता है। नियमित अभ्यास से पाचन तंत्र सक्रिय होता है, रक्त संचार बेहतर होता है और एकाग्रता में वृद्धि होती है। इसके अलावा, यह शरीर को डिटॉक्स करने में भी सहायक है, जिससे व्यक्ति ऊर्जावान और ताजगी से भरपूर महसूस करता है। गर्भवती महिलाओं, कंधे या कमर में चोट से जूझ रहे लोगों को यह आसन नहीं करना चाहिए। शुरुआती लोग इसे प्रशिक्षित योग शिक्षक की देखरेख में ही करें। सही ढंग से और नियमित रूप से अभ्यास करने पर यह आसन शरीर की मजबूती, मन की एकाग्रता और जीवन की ऊर्जा को संतुलित बनाए रखने में मदद करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि चतुरंग दंडासन को रोजाना पांच से दस मिनट तक करने से संपूर्ण शरीर स्वस्थ और चुस्त रहता है। हालांकि, इसके अभ्यास के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है। सुदामा/ईएमएस 17 नवंबर 2025