मुंबई (ईएमएस)। लगभग एक दशक बाद अभिनेत्री पारुल गुलाटी और मशहूर रैपर-सिंगर यो यो हनी सिंह फिर से एक साथ नजर आए हैं। यह जोडी कपिल शर्मा की नई फिल्म किस किस को प्यार करूं 2 के खास गाने फुर्र में दिखाई दे रहे हैं। अभिनेत्री पारुल गुलाटी ने बताया कि इतने साल बाद हनी सिंह से मिलना उन्हें बेहद भावुक कर गया। उन्होंने कहा, जब मैं इतने सालों बाद हनी सिंह से मिली, तो ऐसा लगा जैसे समय थम गया हो। हम दोनों तुरंत अपने पुराने प्रोजेक्ट जोरावर के दिनों में वापस चले गए। रिहर्सल, हंसी-मजाक और सेट पर मस्ती भरे पल फिर से याद आने लगे। पारुल ने आगे कहा, हनी सिंह में वही एनर्जी है, लेकिन एक कलाकार के तौर पर उन्होंने काफी निखार पाया है। उनका म्यूजिक के प्रति जुनून, काम के प्रति समर्पण और खास शैली आज भी उतनी ही मजबूत है। गाने की शूटिंग के दौरान ऐसा लगा कि हमारी लंबी यात्रा फिर से शुरुआती पड़ाव पर वापस आ गई है। पारुल और हनी सिंह की जोड़ी इससे पहले 2016 की पंजाबी एक्शन फिल्म जोरावर में नजर आई थी। उस समय यह हनी सिंह का एक्टिंग डेब्यू था और दर्शकों ने उन्हें खूब पसंद किया था। इसी वजह से उनका दोबारा साथ आना दर्शकों में उत्सुकता पैदा कर रहा है। ‘किस किस को प्यार करूं 2’ का गाना फुर्र अब रिलीज हो चुका है। इस गाने में हनी सिंह और पारुल गुलाटी के अलावा कपिल शर्मा, आयशा खान और त्रिधा चौधरी भी नजर आ रहे हैं। गाने को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म का निर्देशन अनुकल्प गोस्वामी ने किया है और यह फिल्म 12 दिसंबर को रिलीज होगी। सुदामा/ईएमएस 18 नवंबर 2025