मनोरंजन
12-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के मां बनने के बाद उनके द्वारा कथित तौर पर 8 घंटे की शिफ्ट की मांग की बात सामने आई। इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री में अलग-अलग सितारों ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी। कुछ कलाकारों ने दीपिका का समर्थन किया, जबकि कुछ ने इसे अव्यावहारिक बताया। इसी मुददे को लेकर अब वरिष्ठ अभिनेत्री सुप्रिया पाठक भी सामने आई हैं और उन्होंने कलाकारों के लिए संतुलित कामकाजी समय की जरूरत पर जोर दिया है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सुप्रिया पाठक ने कहा कि कलाकारों को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पर्याप्त तैयारी का समय मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता के रूप में उन्हें अंततः दर्शकों के सामने ही प्रदर्शन करना होता है, इसलिए तैयारी का समय न मिलना कलाकार के काम को प्रभावित कर सकता है। उनके मुताबिक यदि किसी कलाकार को खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करने का अवसर नहीं मिलेगा, तो वह दर्शकों के सामने पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन नहीं कर पाएगा। सुप्रिया ने यह भी स्पष्ट किया कि यह बात केवल महिला कलाकारों पर ही नहीं बल्कि पुरुष अभिनेताओं पर भी समान रूप से लागू होती है। सुप्रिया पाठक ने इस दौरान यह भी कहा कि महिलाओं और पुरुषों की चुनौतियां अलग-अलग होती हैं। उनके अनुसार अक्सर महिलाओं को एक ही समय में कई जिम्मेदारियों के बारे में सोचना पड़ता है, जबकि पुरुष आम तौर पर एक ही काम पर ध्यान केंद्रित कर पाते हैं। यही वजह है कि महिलाओं के लिए काम और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाना और भी जरूरी हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं स्वभाव से ही सशक्त होती हैं, बस कई बार उन्हें अपनी क्षमता को पहचानने के लिए थोड़ी प्रेरणा की जरूरत होती है। इस विवाद पर निर्देशक अनुभव सिन्हा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह गॉसिप पर विश्वास नहीं करते और उन्होंने खुद कभी दीपिका के साथ काम नहीं किया है। हालांकि जिन लोगों ने उनके साथ काम किया है, उनके अनुसार दीपिका एक पेशेवर और काम के प्रति समर्पित अभिनेत्री हैं। अनुभव सिन्हा का मानना है कि अगर किसी कलाकार की मांगें निर्माताओं को गलत लगती हैं तो उनके साथ काम न करने का फैसला लिया जा सकता है। उनके मुताबिक ऐसे मुद्दों को सार्वजनिक विवाद बनाने के बजाय आपसी बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए, क्योंकि फिल्म इंडस्ट्री में मतभेद होना सामान्य बात है। बता दें कि बॉलीवुड में पिछले कुछ समय से काम के घंटों और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सुदामा/ईएमएस 12 मार्च 2026