राष्ट्रीय
21-Nov-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। देश के कई राज्यों में वर्तमान में विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) चल रहा है, जिसके जरिए मतदाता सूची में बड़े स्तर पर सुधार हो रहा है। इसके बाद लोग मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी अलग-अलग परेशानियों से दो-चार हो रहे हैं। दरअसल, मतदाता पहचान पत्र में चुनाव आयोग की ओर से प्रदान किया गया एक 10 अंकों का विशेष एपिक नंबर होता है। यहीं हर आदमी की अलग पहचान होती है। निर्वाचन आयोग अपने मतदाताओं को इसी नंबर से पहचानता है। यह संख्या आपको हर वोटर कार्ड पर मिलेगी। वोटर आईडी में एपिक नंबर 10 अंकों का एक अल्फान्यूमेरिक कोड होता है। एपिक नंबर यह प्रमाणित करता है कि आप भारत में एक रजिस्टर्ड मतदाता हैं। चुनाव के दौरान वोट डालने के लिए आपका एपिक नंबर मतदाता सूची में मौजूद होना चाहिए। मतदाता पहचान पत्र में एपिक नंबर दिखाता है कि आपकी मतदाता पहचान संबंधी जानकारी रंगीन फोटो पहचान पत्र के रूप में डिजिटल रूप से संग्रहीत है। आप अपने वोटर आईडी कार्ड के सामने की तरफ एपिक नंबर आसानी से पा सकते हैं। अगर आपके पास यह कार्ड नहीं है, तब आप एनवीएसपी के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर एपिक नंबर हासिल कर सकते हैं। अपने मतदाता पहचान पत्र में एपिक नंबर को ऑनलाइन खोजने के लिए नीचे दिए गए चरणों का पालन करना होगा। 1. आधिकारिक एनवीएसपी पोर्टल पर जाएं। 2. ‘मतदाता सूची में खोजें’ टैब पर क्लिक करें। 3. एक नया पेज खुलेगा। विवरण द्वारा खोजें या मोबाइल द्वारा खोजें में से कोई एक विकल्प चुनें। 4. ड्रॉप-डाउन सूची से अपना राज्य और पसंदीदा भाषा विकल्प चुनें। आवश्यक विवरण, कैप्चा कोड दर्ज करें और खोजें पर क्लिक करें। 5. आपका एपिक नंबर मतदाता सूची में पंजीकरण के अनुसार आपके मतदाता पहचान पत्र के विवरण के साथ ‘एपिक नंबर’ कॉलम में प्रदर्शित किया जाएगा। आशीष/ईएमएस 21 नवंबर 2025