-पहले दिन पूजन विधिवत संपन्न, देवताओं का किया आह्वान अयोध्या,(ईएमएस)। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में होने वाले ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह को सफल बनाने के लिए तैयारी है। अतिथियों के सत्कार से लेकर धार्मिक अनुष्ठानों तक, हर व्यवस्था को सूक्ष्मता से संचालित किया जा रहा है। आमंत्रित आगंतुकों के लिए सात स्थानों पर आठ भोजनालय बनाए हैं, जहां लाखों पानी की बोतलों समेत सभी तरह की सेवाओं की व्यवस्था है। इन भोजनालयों में जलपान के बाद अतिथियों को कार्यक्रम स्थल भेजा। केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह “पंकज” ने बताया कि सीता रसोई के अलावा देशभर में अन्न सेवा करने वाले भक्त संगठन भी भोजनालयों में मदद कर रहे हैं। यह सभी भोजनालय आगंतुकों को निर्बाध, गरिमामय व सहज सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ध्वजारोहण कार्यक्रम के पहले दिन पूजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के बाद से ध्वजारोहण कार्यक्रम के प्रथम चरण के रूप में वैदिक पूजन-अर्चन की शुरुआत हुई। विभिन्न आचार्यों ने पूर्ण वैदिक विधि से देवताओं का आवाहन किया और कई महत्वपूर्ण अनुष्ठान संपन्न कराए। पूजन क्रम में गणपति पूजन, पंचांग पूजन, षोडष मातृका पूजन, मंडप प्रवेश पूजन, योगिनी पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, वास्तु पूजन, नवग्रह पूजन एवं रामभक्त मंडल सहित सभी पूज्य मंडलों का आवाहन पूजन सम्पन्न हुआ। इसके बाद अरणि मंथन से अग्निकुंड में अग्नि स्थापना की गई। यजमान डॉ. अनिल मिश्र ने अपनी अर्द्धांगिनी के साथ पूजन किया। मुख्य आचार्य चंद्रभान शर्मा, उपाचार्य रविंद्र पैठणे, यज्ञ ब्रह्मा पंकज शर्मा सहित अन्य आचार्यों ने कार्यक्रम संपन्न कराया। पूजन व्यवस्था प्रमुख आचार्य इंद्रदेव मिश्र व आचार्य पंकज कौशिक के निर्देशन में सभी अनुष्ठान सफलतापूर्वक पूर्ण हुए। अतिथियों की आरामदायक व्यवस्था और वैदिक विधानों की निरंतरता इस ऐतिहासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम को विशिष्ट और गरिमामय बना रही है। सिराज/ईएमएस 22नवंबर25