क्षेत्रीय
22-Nov-2025
...


गुना (ईएमएस) | जिले के मक्सूदनगढ़ क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है, जहां घायल महिला को घंटों इंतजार के बावजूद एंबुलेंस नहीं मिली। मजबूर होकर परिजनों ने महिला को खटिया पर डालकर अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार मुलिया बाई पति श्याम बाबू सिलावट जंगल में लकडिय़ां लेने गई थी। इसी दौरान जंगली सूअर ने अचानक उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवारजन मौके पर पहुंचे। महिला की हालत गंभीर देखते हुए उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस को कई बार फोन लगाया, लेकिन कॉल करने के बावजूद कोई वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। लगातार इंतजार के बाद भी मदद न मिलने पर परिजनों ने घायल मुलिया बाई को खटिया पर उठाया और पैदल ही मक्सूदनगढ़ के सरकारी अस्पताल की ओर रवाना हुए। लगभग कई घंटे बाद वे किसी तरह अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल गुना रेफर कर दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि 108 सेवा की लापरवाही के कारण घायल महिला को समय पर उपचार नहीं मिल सका। यदि एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती, तो उसे सुरक्षित और तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिल सकती थी। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोर स्थितियों को उजागर किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि 108 सेवा की कार्यप्रणाली में सुधार हो और इस तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाए। सीताराम नाटानी