- पार्षद का आरोप पांच लाख रुपए की लाल मुरम कागजों में डाल दी - वीडियो वायरल हुआ शिवपुरी (ईएमएस)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिवपुरी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17 में मुक्तिधाम को जाने वाले रास्ते की हालत खराब है। यहां पर कीचड़ भरा रास्ता है और जब भी लोगों को यहां से आना-जाना होता है तो उन्हें कीचड़ भरे रास्ते से निकालना पड़ता है। इसी मामले में एक अंतिम शव यात्रा जो मुक्ति धाम के लिए ले जाई जा रही है। उसका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें लोग कीचड़ भरे हुए रास्ते से निकल रहे हैं। बिना काम 5 लाख रुपए की राशि निकाल ली- इस मामले में वार्ड 17 के पार्षद राजा यादव ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में भ्रष्टाचार के कारण यह सड़क नहीं डल पाई है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका के अधिकारी व ठेेकेदारों ने बिना काम के ही 5 लाख रुपए की राशि निकाल ली। कागज में ही यहां पर लाल मुरम डाल दी गई। उन्होंने बताया कि यहां पर सड़क सही करने के लिए पांच लाख रुपया वीकृत हुआ था लेकिन नगर पालिका में बैठे भ्रष्ट अधिकारी और ठेकेदारों ने पैसा निकाल लिया और यहां पर रास्ते में मुरम डालने के लिए जो काम कराया जाना था वह किया नहीं गया है। वीडियो वायरल, लोगों में आक्रोश- खराब सड़क से निकलती अंतिम यात्रा का वीडियो वायरल हो रहा है। इस घटना ने शहर की अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि वार्ड 17 निवासी 47 वर्षीय नंदू यादव का बीमारी के कारण निधन हो गया था। उनकी अंतिम यात्रा जब मुक्तिधाम के लिए निकली, तो परिजनों और अन्य लोगों को गंदगी और गड्ढों से भरे इस रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो बाद में वायरल हो गया। वार्ड 17 के भाजपा पार्षद राजा यादव ने नगर पालिका पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। पार्षद ने इस घटना को नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार का एक और उदाहरण बताया। रंजीत/ईएमएस/22//11/2025