राष्ट्रीय
23-Nov-2025
...


शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को नया नेतृत्व मिल गया है। पार्टी ने सिरमौर से कांग्रेस विधायक विनय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से आने वाले विनय कुमार को संगठन को मजबूत करने और आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी को मजबूती से उतारने की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। हिमाचल कांग्रेस में कई जिला और ब्लॉक स्तर की कमेटियाँ भंग पड़ी हैं। ऐसी स्थिति में नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने संगठन को पुनर्गठित करने, कमेटियों को सक्रिय करने, और पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने जैसी चुनौतियाँ होंगी। विनय कुमार लंबे समय से पार्टी संगठन और जनसंपर्क कार्यों में सक्रिय रहे हैं, जिसके कारण उनके नाम पर सहमति बनना आसान रहा। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विनय कुमार की नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, विधायक दल के मेरे साथी विनय कुमार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं। आपका लंबे समय का जनसेवा का अनुभव निश्चित ही संगठन को नई दिशा और नई ताकत देगा। हम एकजुट होकर कांग्रेस विचारधारा को मजबूत करेंगे और संगठन की मजबूती को नया आयाम देंगे। नए अध्यक्ष के रूप में विनय कुमार की नियुक्ति से कांग्रेस को प्रदेश में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हिदायत/ईएमएस 23नवंबर25