राष्ट्रीय
25-Nov-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। ठंडी के मौसम में यूरिन डिस्चार्ज के दौरान लगातार जलन होना डिस्यूरिया या यूरिन इंफेक्शन (यूटीआई) का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर से चेकअप कराना बेहद जरूरी है। ठंडे मौसम में पानी कम पीने की आदत, शरीर में पित्त-दोष और वात दोष का बढ़ना इस समस्या को बढ़ाता है। आयुर्वेद के अनुसार, जब पित्त और वात दोष बढ़ जाते हैं, तो मूत्रमार्ग में सूजन, जलन और संक्रमण का खतरा अधिक होता है। आहार और जीवनशैली में बदलाव इस समस्या को कम करने में मदद कर सकते हैं। तीखा, मसालेदार और अत्यधिक तला-भुना भोजन मूत्र मार्ग की जलन को बढ़ा सकता है, इसलिए इन्हें सीमित करना जरूरी है। आयुर्वेद में कई प्राकृतिक उपाय बताए गए हैं, जिनसे यूरिन जलन से राहत पाई जा सकती है। सर्दियों में आंवला का सेवन विशेष लाभकारी माना गया है। आंवला में भरपूर मात्रा में विटामिन सी होता है, जो मूत्राशय में हानिकारक बैक्टीरिया के बढ़ने से रोकता है और संक्रमण का खतरा कम करता है। इसके लिए सुबह खाली पेट आंवला खाना या उसका जूस पीना फायदेमंद होता है। गुड़हल के फूल और पत्तों का सेवन भी मूत्रमार्ग की जलन कम करने में कारगर है। गुड़हल का शरबत या चाय के रूप में सेवन किया जा सकता है। इस दौरान ध्यान दें कि इसमें चीनी का इस्तेमाल न करें। छाछ का सेवन भी पेट और मूत्र मार्ग की जलन को कम करता है। यह पित्त को शांत करता है और पेट को ठंडक देने के साथ संक्रमण से लड़ने में भी मदद करता है। दिन में एक बार छाछ में काला नमक डालकर पीना लाभकारी होता है। सौंफ और जौ का पानी भी मूत्रमार्ग की जलन में राहत देता है। सौंफ को पानी में उबालकर ठंडा कर पीने से पेट को ठंडक मिलती है और बैक्टीरिया नष्ट होते हैं। जौ का पानी बनाने के लिए 1 लीटर पानी में 2 चम्मच जौ उबालें और पूरे दिन थोड़ा-थोड़ा पीते रहें। इसके अलावा खीरा और नारियल पानी भी इस समस्या में लाभकारी होते हैं। वहीं, गर्म चाय और कॉफी से परहेज करना चाहिए क्योंकि ये जलन को बढ़ा सकते हैं। इन प्राकृतिक और आयुर्वेदिक उपायों को अपनाकर सर्दियों में यूरिन की जलन को काफी हद तक कम किया जा सकता है। साथ ही, ये उपाय संक्रमण के खतरे को भी घटाते हैं और मूत्रमार्ग को स्वस्थ बनाए रखते हैं, जिससे रोजमर्रा की जीवनशैली सहज और आरामदायक रहती है। मालूम हो कि सर्दियों के मौसम में पुरुष, महिलाएं और बच्चे अक्सर यूरिन डिस्चार्ज के दौरान जलन की समस्या का सामना करते हैं। यह परेशानी शुरुआत में हल्के तौर पर दिखती है और कई बार घरेलू उपायों से ठीक भी हो जाती है, लेकिन अगर यह बार-बार होती है तो इसे अनदेखा करना खतरनाक हो सकता है। सुदामा/ईएमएस 25 नवंबर 2025