राष्ट्रीय
25-Nov-2025
...


अपने उत्तराधिकारी सीजेाआई सूर्यकांत के लिए छोड़ा वाहन नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूर्व चीफ जस्टिस बीआर गवई ने सोमवार को अपने उत्तराधिकारी जज सूर्यकांत के लिए आधिकारिक मर्सिडीज-बेंज कार छोड़ दी। इस तरह, शपथ ग्रहण समारोह के बाद राष्ट्रपति भवन में उन्होंने नई मिसाल को कायम किया। 23 नवंबर को रिटायर हुए न्यायमूर्ति गवई आधिकारिक कार से राष्ट्रपति भवन पहुंचे और लेकिन समारोह खत्म होने के बाद अपने निजी वाहन से रवाना हुए। सूत्र ने बताया, ‘शपथ ग्रहण समारोह के बाद रिटायर जज गवई चीफ जस्टिस के लिए आधिकारिक वाहन को छोड़ गए। वे राष्ट्रपति भवन से एक वैकल्पिक वाहन में लौटे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आधिकारिक कार उनके उत्तराधिकारी के सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए उपलब्ध रहे।’ न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने सोमवार को भारत के 53वें सीजेआई के तौर पर शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक संक्षिप्त समारोह में जस्टिस सूर्यकांत को शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में शपथ ली। सीजेआई सूर्यकांत अब सुप्रीम कोर्ट के 5 सदस्यीय कॉलेजियम का नेतृत्व करने वाले है। पांच और तीन सदस्यीय कॉलेजियम का पुनर्गठन पूर्व सीजेआई गवई के रिटायरमेंट के बाद अहम घटनाक्रम है। सीजेआई सूर्यकांत के अलावा 5 सदस्यीय कॉलेजियम में अब न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना, न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी और न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश शामिल है। कॉलेजियम सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों का चयन करता है और उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के ट्रांसफर पर निर्णय लेता है। हाईकोर्ट के न्यायाधीशों का चयन करने वाले 3 सदस्यीय कॉलेजियम में चीफ जस्टिस और जज विक्रम नाथ व जज बीवी नागरत्ना सदस्य है। न्यायमूर्ति सूर्यकांत का सीजेआई के रूप में करीब 15 महीने का कार्यकाल है। कॉलेजियम में केवल एक बदलाव तब होगा जब न्यायमूर्ति माहेश्वरी 28 जून 2026 को सेवानिवृत्त होते है। न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा कॉलेजियम के सदस्य बने। आशीष/ईएमएस 25 नवंबर 2025