राष्ट्रीय
30-Nov-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत और दुनिया के सबसे बड़े मुस्लिम देश इंडोनेशिया के बीच ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल डील और अन्य रक्षा सहयोग को लेकर चर्चा हो रही है। इंडोनेशिया ने भारत की स्वदेशी ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल में गहन दिलचस्पी दिखाई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह डील अपने अंतिम चरण में है। भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और इंडोनेशिया के रक्षामंत्री स्याफरी स्यामसुद्दीन के बीच नई दिल्ली में तीसरे दौर की वार्ता हुई। रक्षा मंत्री सिंह ने इंडोनेशिया के रक्षामंत्री को ब्रह्मोस मिसाइल का एक मॉडल भेंट किया। भारत के प्रस्ताव पर डिफेंस इंडस्ट्री ज्वाइंट कॉर्पोरेशन कमिटी गठित करने पर सहमति बनी। इसका उद्देश्य रक्षा क्षेत्र से जुड़ी तकनीक हस्तांतरण, संयुक्त अनुसंधान व विकास और आपूर्ति शृंखला सहयोग को बढ़ावा देना है। इंडोनेशिया ने क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा देने में भारत को एक महत्वपूर्ण साझेदार बताया। आसियान के इंडो-पैसिफिक दृष्टिकोण और भारत की समुद्री पहल को समान मूल्यों वाला बताया गया। समुद्री क्षेत्र जागरूकता, साइबर सुरक्षा, संयुक्त परिचालन क्षमता, रक्षा उद्योग सहयोग, पनडुब्बी तकनीक (विशेषकर स्कॉर्पीन श्रेणी कार्यक्रम), रक्षा चिकित्सा और फार्मा सहयोग पर विशेष जोर दिया गया। दोनों देशों ने तीनों सेनाओं के बीच बढ़ते संयुक्त अभियानों और अभ्यासों की सराहना की, जिनमें सुपर गरुड़ शील्ड, गरुड़ शक्तिद, समुद्र शक्तिी, मिलन आदि शामिल हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सैन्य शिक्षा संस्थानों में आपसी विजिट और अधिकारी आदान-प्रदान में वृद्धि का निर्णय लिया गया, जिससे इंटरऑपरेबिलिटी और ज्ञान-साझेदारी बढ़ेगी। दोनों मंत्रियों ने 2025 गणतंत्र दिवस समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति की यात्रा और 352 इंडोनेशियाई सैन्य कर्मियों की परेड में भागीदारी के सकारात्मक प्रभावों को याद किया। यह बैठक भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और रक्षा सहयोग को नई गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसका मुख्य आकर्षण ब्रह्मोस मिसाइल की संभावित डील है। आशीष/ईएमएस 30 नवंबर 2025