मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में बॉलीवुड के हॉट कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा अपने नन्हीं परी का नाम उजागर करते हुए भावुक होते नजर आए। इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “हमारी दुआओं से निकलकर हमारी बाहों में आने वाली… हमारा आशीर्वाद, हमारी नन्ही राजकुमारी सरायाह मल्होत्रा।” यह पोस्ट आते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी और फैंस व सेलेब्स ने कमेंट कर ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद दिया। सरायाह नाम का अर्थ भी उतना ही खूबसूरत है, जितना इसका उच्चारण। दुनिया भर की कई संस्कृतियों में यह नाम अलग-अलग अर्थों में लिया जाता है, लेकिन सबसे लोकप्रिय अर्थ हिब्रू भाषा से आता है, जहां सरायाह का मतलब होता है ईश्वर का मार्गदर्शन या ईश्वर का शासन। इसका संकेत है उन बच्चों से, जिन पर भगवान की विशेष कृपा बनी रहती है और जो अपने जीवन में एक सकारात्मक दिशा लेकर चलते हैं। माता-पिता के मुताबिक यह नाम उनके लिए सिर्फ एक पहचान नहीं बल्कि एक भावनात्मक आशीर्वाद है। कियारा और सिद्धार्थ के इस पोस्ट पर लाखों लाइक्स और अनगिनत कमेंट्स आए। लोग बेटी के नाम की खूब तारीफ कर रहे हैं और उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं। एक फैन ने लिखा, “क्या प्यारा नाम चुना है, भगवान सरायाह को हमेशा खुश रखें।” वहीं कई लोगों ने यह लिखा कि नाम सुनते ही उनकी आंखें भर आईं और दिल खुश हो गया। बता दें कि कियारा और सिद्धार्थ ने अपने पैरेंट्स बनने की खुशखबरी 15 जुलाई को साझा की थी। उस समय उन्होंने लिखा था, “हमारा दिल खुशी से झूम रहा है। हमारी दुनिया हमेशा के लिए बदल गई है। हमें बेटी के मां-बाप होने का आशीर्वाद मिला है।” यह पोस्ट भी उस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिससे उनके फैंस बेहद खुश हुए थे। कियारा और सिद्धार्थ की शादी 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के भव्य सूर्यगढ़ पैलेस में हुई थी। कई दिनों तक चलने वाले इस सेलिब्रेशन में उनके करीबी दोस्त, परिवार और कई बॉलीवुड सितारे शामिल हुए थे। बता दें कि बॉलीवुड की लोकप्रिय जोड़ी कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी बेटी को लंबे इंतजार के दुनिया से परिचित कराया, हालांकि उन्होंने तस्वीर में बेटी का चेहरा नहीं दिखाया। सुदामा/ईएमएस 01 दिसंबर 2025